क्रिकेट

IND vs PAK: क्या टीम इंडिया को आईसीसी टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए मैच? गंभीर ने दिया जवाब

Gautam Gambhir on IND vs PAK: भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद एशिया कप और आईसीसी स्पर्धाओं सहित किसी भी मंच पर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों को पूरी तरह से रोकने का मंगलवार को आह्वान किया।‘एबीपी’ के एक कार्यक्रम में गंभीर ने कहा कि भारतीय टीम को सीमा पार आतंकवाद खत्म होने तक चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के साथ नहीं खेलना चाहिए।

Image

गौतम गंभीर (फोटो- PTI)

Gautam Gambhir on IND vs PAK: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार के क्रिकेट संबंधों को तुरंत रोकने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत को आतंकवाद समाप्त होने तक आईसीसी प्रतियोगिताओं सहित किसी भी मंच पर पाकिस्तान के साथ नहीं खेलना चाहिए।

"आतंकवाद बंद होने तक कोई क्रिकेट नहीं"

गंभीर ने 'एबीपी' के एक कार्यक्रम में कहा, "मेरा व्यक्तिगत मत है कि हमें पाकिस्तान के साथ बिल्कुल नहीं खेलना चाहिए। जब तक सीमा पार से आतंकवाद बंद नहीं हो जाता, तब तक भारत और पाकिस्तान के बीच कोई खेल या संबंध नहीं होने चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि भारत और पाकिस्तान केवल बहु-टीम टूर्नामेंट्स में ही आपस में खेलते हैं, लेकिन अब उसे भी रोक दिया जाना चाहिए।

"सैनिकों और नागरिकों की जान सबसे महत्वपूर्ण"

पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए गंभीर ने कहा, "कोई भी क्रिकेट मैच, बॉलीवुड फिल्म या कोई अन्य कार्यक्रम भारतीय सैनिकों और नागरिकों की जान से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। मैच होते रहेंगे, फिल्में बनती रहेंगी, लेकिन अपनों को खोने का दर्द कुछ और ही होता है।"

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए, जिसमें सिंधु जल संधि का निलंबन, अटारी बॉर्डर बंद करना और राजनयिक संबंधों को कम करना शामिल है।

"एशिया कप और टी20 विश्व कप पर क्या होगा?"

जब गंभीर से एशिया कप और अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैचों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "यह मेरा निर्णय नहीं है। यह बीसीसीआई और सरकार को तय करना है कि हमें उनके साथ खेलना चाहिए या नहीं।"

तटस्थ स्थल पर ही खेले जाते हैं भारत-पाक मैच

पिछले कई सालों से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेली गई है। आईसीसी टूर्नामेंट्स में भी दोनों टीमों के बीच मैच तटस्थ स्थलों पर आयोजित किए जाते हैं। हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में न खेलकर दुबई में मैच खेले थे।2027 तक के लिए आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के बीच हुए समझौते के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के सभी मैच तटस्थ स्थलों पर खेले जाएंगे।

गंभीर का स्पष्ट रुख

गौतम गंभीर ने अपने बयान में कोई संदेह नहीं छोड़ा है। उनका मानना है कि खेल और मनोरंजन से ऊपर देश की सुरक्षा और नागरिकों का जीवन महत्वपूर्ण है। उनके इस बयान के बाद यह देखना होगा कि भविष्य में बीसीसीआई और सरकार किस तरह का निर्णय लेती है।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article