स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बेन डकेट और सोनी बेकर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने बुधवार को तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 97 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। डकेट (133) ने शतकीय पारी खेली, जिससे इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 328 रन बनाए।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 231 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज बेकर ने 4 विकेट चटकाए, जबकि लियाम डॉसन को भी तीन सफलताएं मिलीं। इंग्लैंड ने सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और लगातार दो मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली।
डकेट ने जड़ा शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज डकेट ने 115 गेंद में 15 चौकों और तीन छक्कों से 133 रन बनाए। डकेट का विकेट मैट रेनशॉ ने लिया। उन्होंने स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में गेंद का हवा मे लहरा दिया और जोश इंग्लिस ने आसान कैच लपका। विल जैक्स ने भी 59 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक एडवर्ड्स ने चार विकेट लिए, जबकि रेनशॉ को तीन विकेट मिले।
बेकर ने लिए चार विकेट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पांच रन के स्कोर तक ट्रेविस हेड तथा मिचेल मार्श के विकेट गंवा दिए। इसके बाद बेकर की गेंद पर इंग्लिस का कैच जोर्डन कॉक्स ने लपका जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 34 रन पर तीन विकेट हो गया। रेनशॉ ने 55 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 108 रन के स्कोर पर डॉसन ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपका।
शनिवार से टी20 सीरीज का होगा आगाज
इसके बाद ब्रूक की गेंद पर डकेट ने स्पेंसर जॉनसन का कैच लपककर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित कर दी। बेन डकेट को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला, जबकि टॉम बैंटन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए चुना गया। बैंटन ने सर्वाधिक 190 रन बनाए। दोनों टीम अब शनिवार को मेलबर्न में तीन मैच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेलेंगी।
