स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम से बाहर किए जाने के बाद स्टार स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने दिल्ली के खिलाफ कर्नाटक की सीनियर महिला T20 ट्रॉफी सुपर लीग मैच में अपनी पावर-हिटिंग का शानदार प्रदर्शन किया। श्रेयंका ने हाफ सेंचुरी बनाकर भारत की सीनियर टीम में वापसी के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। ऑफ-स्पिनिंग ऑलराउंडर ने सिर्फ 20 गेंद पर अपना पहला T20 अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज शिवानी के खिलाफ एक ज़ोरदार छक्का लगाकर यह मुकाम हासिल किया।
उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ग्राउंड B पर 29 गेंद पर 71 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रेयंका ने अपनी तूफानी पारी में सात चौके और 5 छक्के लगाए। श्रेयंका तब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आईं, जब कर्नाटक ने पहले बैटिंग करते हुए 12.1 ओवर में 84 रन पर पांच विकेट खो दिए थे। टीम संघर्ष कर रही थी। ऐसे में उन्होंने जबरदस्त काउंटर-अटैक किया और कर्नाटक की पारी पलट दी। कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए।
तनिषा-स्वेता ने पलटा पासा
हालांकि, श्रेयंका की कोशिशें बेकार गईं। क्योंकि दिल्ली ने 17 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया और पांच विकेट से जीत दर्ज की और कर्नाटक को सुपर लीग में पहली हार थमाई। दिल्ली की तरफ से तनिषा सिंह ने नाबाद 77 रन की पारी खेली। वहीं, स्वेता सेहरावत ने 53 रन का योगदान दिया। बल्लेबाजी में कमाल करने वाली श्रेयंका ने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए।
श्रेयंका सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
23 साल की श्रेयंका टूर्नामेंट में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वालों में से एक रही है, जिसने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है। वह अभी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने नौ मैचों में 20 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार पांच विकेट लेना भी शामिल है। श्रेयंका ने अहमदाबाद के गुजरात कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड 'A' में विदर्भ के खिलाफ कर्नाटक के सुपर लीग मैच में भी प्रभावित किया था। उन्होंने सिर्फ 15 गेंद पर 33 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे, जिससे कर्नाटक ने 85 रनों से शानदार जीत दर्ज की था।
