शहर

Kulgam Operation: भारतीय सेना ने पहले 25 लड़कियों और 2 टीचरों को बचाया, फिर लश्कर कमांडर भट्ट को किया ढेर

LeT Commander Mohammad Lateef Bhat Encounter: नागरिकों को सुरक्षित निकालने के बाद 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मस्जिद में टीयर गैस के गोले दागे, ताकि आतंकी को बाहर निकाला जा सके। इस दौरान कड़ा घेरा बनाए रखा गया, ताकि वह भाग न सके।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

LeT Commander Mohammad Lateef Bhat Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट्ट को मुठभेड़ में मार गिराया गया। लेकिन इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी कहानी आतंकी को मारना नहीं, बल्कि उससे पहले 27 बेगुनाह जिंदगियों को बचाना रही।

सेना ने 27 लोगों की बचाई जिंदगी

दरअसल, भट्ट जिस मस्जिद में छिपा था, उसके बगल में ही एक दारुल उलूम (शिक्षण संस्थान) था। फाइनल असॉल्ट से ठीक पहले पता चला कि उसके अंदर 25 लड़कियां और 2 टीचर मौजूद हैं। यह खबर मिलते ही पूरे इलाके में टेंशन फैल गई। ऐसे में सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स के एक अधिकारी ने बहादुरी दिखाई। मस्जिद से हो रही भारी फायरिंग के बीच उन्होंने अपने साथी के साथ दारुल उलूम में घुसकर सभी 27 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ही जवानों ने फाइनल हमला शुरू किया।

नागरिकों को सुरक्षित निकालकर सेना ने की कार्रवाई

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, नागरिकों को सुरक्षित निकालने के बाद 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मस्जिद में टीयर गैस के गोले दागे, ताकि आतंकी को बाहर निकाला जा सके। इस दौरान कड़ा घेरा बनाए रखा गया, ताकि वह भाग न सके। खास बात यह रही कि धार्मिक ढांचे को कोई नुकसान न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखा गया। ऑपरेशन सफल होने के बाद नॉर्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने दक्षिण कश्मीर में जवानों से मुलाकात की और उनकी सराहना की।

अधिकारियों के मुताबिक, विशेष सूचना के आधार पर एक सर्च पार्टी स्थानीय लोगों के साथ मस्जिद में दाखिल हुई। ऊपर की मंजिल पर एक कमरा अंदर से बंद था। बाहर आने को कहने पर अंदर से फायरिंग शुरू हो गई, जिससे भट्ट की मौजूदगी की पुष्टि हो गई। भट्ट पर 15 लाख रुपये का इनाम था।

कई बार घेरा तोड़कर भाग चुका है भट्ट

बता दें कि भट्ट पहले भी कई बार घेरा तोड़कर भाग चुका था। 8 जुलाई को शोपियां में हुई मुठभेड़ में वह भागने में कामयाब रहा था, जिसमें उसका साथी जाकिर मारा गया था। 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ पिकेट पर हुए हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिसमें भट्ट और उसके साथी उमर नासिर डार शामिल थे। इसके बाद से ही कुलगाम, शोपियां और अनंतनाग में करीब 2000 जवानों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। भट्ट 20 साल की उम्र में ही घर से गायब होकर LeT और उसके संगठन TRF में शामिल हो गया था। वह अनंतनाग में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या का मुख्य आरोपी था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article