स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल लाने वाले 2018 सैंडपेपर गेट कांड (बॉल टेंपरिंग) पर अब फिर से नई बहस शुरू हो गई है। उस्मान ख्वाजा के नए खुलासे के बाद से हर दिन कुछ ना कुछ नया हो रहा है। पैट कमिंस के बयान के बाद, अब गेंद से छेड़छाड़ करने वाले मामले में शामिल रहे कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बलि का बकरा बनाया गया।
कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि पूरी टीम को इस साजिश के बारे में पता था, लेकिन आखिर में केवल तीन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाया गया। 'सैंडपेपर गेट' कांड से मशहूर इस मामले में प्रमुख भूमिका के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बैनक्रॉफ्ट, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस विवाद के बाद बैनक्रॉफ्ट फिर से कभी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए, जबकि स्मिथ और वार्नर ने वापसी की।
उस्मान ख्वाजा ने छेड़ा मामला
पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने हाल में प्रकाशित अपनी किताब में खुलासा किया कि साजिश की जानकारी पूरी टीम को थी। वार्नर और उस मैच में 12वें नंबर के खिलाड़ी चैड सेयर्स ने भी ख्वाजा के बयान का समर्थन किया। बैनक्रॉफ्ट पर सैंडपेपर (रेगमाल) ले जाने का आरोप था। उन्होंने भी ख्वाजा का समर्थन किया, जबकि मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इन दावों को ’पूरी तरह बकवास’ करार दिया।
आठ साल मैंने बोझ ढोया
बैनक्रॉफ्ट ने ’क्रिकइंफो’ के एक लेख में कहा, आठ साल तक मैंने पूरी टीम के लिए इस कहानी का बोझ साझा किया। यह एक ऐसा बोझ था जो मेरी क्षमता से कहीं अधिक था। मैंने सबके लिए यह बलिदान दिया और यह मेरा अपना फैसला था। मैंने पिछले आठ साल जवाबदेही, ईमानदारी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे काले अध्याय में से एक से सीखे गए सबक के बारे में बात करने में बिताए हैं। हालांकि, 2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई। जो कुछ हुआ उसके बारे में मैं कभी पूरी तरह से ईमानदार नहीं रहा।
बैनक्रॉफ्ट ने कहा, इसमें केवल हम तीनों मैं, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर ही शामिल नहीं थे। इसके बारे में पूरी टीम को पता था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान जब मुझसे पूछताछ की गई तो मैंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी।
कमिंस के बयान पर भड़के
इस बल्लेबाज ने कहा कि उस समय घटना का पूरा विवरण न देने के उनके अपने कारण थे, लेकिन कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उन्हें काफी गुस्सा आया और उन्हें यह विश्वासघात लगा। इसलिए अब उन्हें बोलने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 2018 के गेंद से छेड़छाड़ करने के मामले में सार्वजनिक जांच की मांग करते हुए कहा कि केपटाउन टेस्ट में शामिल लोगों को आगे आकर यह खुलासा करना चाहिए कि पर्दे के पीछे क्या हुआ था।
