नॉटिंघम: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार को नॉटिंघम में शुरू हुआ। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने धमाकेदार अंदाज में पारी का आगाज करते हुए टेस्ट मैच को टी20 में तब्दील कर दिया। इंग्लिश टीम ने बैजबॉल का जादू बिखेरते हुए आतिशी अंदाज में 50 रन महज 26 गेंद में पूरे करने टेस्ट क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया।
तीसरी ही गेंद पर इंग्लैंड ने गंवाया विकेट
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतनी मेजबान इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत करने जैक क्राली और बेन डकेट की जोड़ी उतरी। लेकिन तीसरी ही गेंद पर अल्जारी जोसेफ ने जैक क्रॉली को अथानाजे के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके।
टेस्ट में टीम का सबसे तेज अर्धशतक
क्रॉली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने ओली पोप उतरे। इसके बाद डकेट और पोप ने मिलकर विंडीज के गेंदबाजों का हाल बेहाल कर दिया। अगली 23 गेंदों में दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली और टीम को भी 50 रन के पार पहुंचा दिया। यह टेस्ट इतिहास में किसी भी टीम द्वारा सबसे तेज गति से 50 रन पूरे करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
105 गेंद में पूरी की शतकीय साझेदारी
दोनों ने रन बनाने की इस तेजी को आगे भी जारी रखा। डकेट ने 32 गेंद में 11 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 17.5 ओवर में 100 रन के भी पार पहुंचा दिया। दोनों ने 105 गेंद में दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली।
