क्रिकेट

Asian Para Games 2026: मंगलवार का दिन भी रहा शानदार, 35 मेडल के साथ छठे पोजीशन पर भारत

एशियन पैरा गेम्स 2026 में मंगलवार का दिन भी भारत के नाम रहा। पहले दिन भारत ने 11 मेडल जीते थे जो दूसरे दिन 35 तक पहुंच गए हैं। भारत के निषाद कुमार ने लंबी कूद के बाद ऊंची कूद स्पर्धा में भी गोल्ड जीता।

Image

एशियन पैरा गेम्स (साभार-x)

निषाद कुमार और दीप्ति जीवनजी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की अगुवाई में भारत ने एशियाई पैरा खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंगलवार को यहां पांच स्वर्ण पदक जीते जिससे देश के कुल पदकों की संख्या 35 पर पहुंच गई। भारत ने दिन के पांचों स्वर्ण पदक एथलेटिक्स में जीते जिसमें निषाद कुमार का मौजूदा खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक भी शामिल है। निषाद ने लंबी कूद टी47 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मंगलवार को ऊंची कूद में भी शीर्ष स्थान हासिल किया। इस तरह से वह एक ही पैरा एशियाई खेलों की दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले केवल तीसरे भारतीय बन गए। उन्होंने 2.04 मीटर की छलांग लगाकर खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दूसरे दिन के अंत में भारत 35 पदकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर था, जिनमें नौ स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल थे। इस कुल पदकों में एथलेटिक्स का योगदान फिलहाल 20 है।

दीप्ति ने 56.36 सेकंड के खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर महाद्वीपीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता फिर से साबित की। तेलंगाना की 23 वर्षीय यह खिलाड़ी पूर्व विश्व चैंपियन हैं और उन्होंने 2024 पैरालंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था। दृष्टिबाधित सिमरन (महिलाओं की 200 मीटर टी12), व्हीलचेयर पर निर्भर प्रणव सूरमा (एफ51/52/53 चक्का फेंक) और देवेंद्र कुमार (एफ44/64 चक्का फेंक) ने भी स्वर्ण पदक जीते। पैरालिंपिक कांस्य पदक विजेता सिमरन ने 24.80 सेकंड के समय के साथ खेलों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। खेलों में पहली बार भाग ले रही तेजलबेन दामोर ने मध्यम दृष्टिबाधित एथलीटों की इस स्पर्धा में 25.23 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता।

भारत ने इसके अलावा निशानेबाजी, टेबल टेनिस, तैराकी और पावरलिफ्टिंग में भी पदक जीते। मनीष नरवाल ने रजत पदक जीतकर भारत के लिए 2028 लॉस एंजिलिस पैरालंपिक का कोटा सुरक्षित किया, जबकि सृष्टि अरोड़ा ने कांस्य पदक जीता। इस तरह से भारतीय निशानेबाजों ने पुरुषों और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धाओं में दो पदक हासिल किए। पावरलिफ्टिंग में अशोक कुमार मलिक ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग की प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। सोनीपत जिले के गोहाना के रहने वाले 37 वर्षीय मलिक ने 192 किलोग्राम का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया।

भारतीय तैराक हिमांशु नंदाल और निरंजन मुकुंदन ने देश के खाते में दो कांस्य पदक जोड़े। ऑप्टिक नर्व की खराबी के कारण जन्म से ही दृष्टिहीन 22 वर्षीय हिमांशु ने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में चार तैराकों के बीच 5:10.91 का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद निरंजन ने पुरुषों की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले एसएम7 स्पर्धा को 2:57.01 के समय में पूरा करके कांस्य पदक हासिल किया। टेबल टेनिस में रवि बेबी सहाना और प्राची पांडे ने स्टैंडिंग कैटेगरी में पोडियम पर पहुंचने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। भारत ने इस प्रतियोगिता में चार कांस्य पदक हासिल किए।

पैरालिंपिक पदक विजेता भाविना पटेल, सोनलबेन पटेल, प्राची और सहाना सभी अपने-अपने महिला एकल सेमीफाइनल में से हार गईं। तीरंदाजी में मौजूदा चैंपियन शीतल देवी और खेलों में पहली बार भाग ले रही स्वाति चौधरी ने अपनी व्यक्तिगत स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई। इस तरह से भारत के पैरा तीरंदाजों ने पांच पदक पक्के कर लिए। भारत की रिकर्व और कंपाउंड महिला युगल जोड़ियों ने भी सेमीफाइनल में जीत हासिल करके अपने-अपने स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बना ली है। भारत की रिकर्व और कंपाउंड मिश्रित टीम ने क्रमशः थाईलैंड और जापान पर जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई।

बैडमिंटन में विश्व चैंपियन प्रमोद भगत और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता कुमार नितेश ने पुरुष एकल एसएल3 सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article