क्रिकेट

ENG vs WI 1st T20 Pitch Report: इंग्लैंड-वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

ENG vs WI 1st T20I Pitch Report Today Match In Hindi: आज (6 June 2025) इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का आगाज होने जा रहा है। वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड के दौरे पर है और वनडे सीरीज में वे 0-3 से क्लीन स्वीप झेल चुके हैं। अब आज दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। ये मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट में आयोजित होने जा रहा है। यहां हम जानेंगे इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट, इस मैदान से जुड़े कुछ खास आंकड़े और दोनों टीमें।

Image

इंग्लैंड-वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज 2025
  • आज इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मैच
  • पहला टी20 मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट में आयोजित होगा

ENG vs WI 1st T20I Pitch Report In Hindi Today Match: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज (England vs West Indies) के बीच आज से तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच आज पहला टी20 मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट (Chester-le-Street) में खेला जाएगा। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच इससे पहले तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज हुई थी, उस सीरीज में मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 3-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया था। टी20 फॉर्मेट में कुछ दिग्गज खिलाड़ियों के आने से वेस्टइंडीज की टीम और मजबूत हो गई है ऐसे में छोटे फॉर्मेट में मुकाबला कांटे का हो सकता है। भारतीय समय के मुताबिक पहला टी20 मुकाबला आज रात 11:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 10:30 बजे होगा। इंग्लैंड टी20 टीम की कमान हैरी ब्रुक (Harry Brook) के हाथों में है। वहीं मेहमान वेस्टइंडीज टीम की अगुवाई शे होप (Shai Hope) करते नजर आने वाले हैं।

सबसे पहले जान लेते हैं कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में आमने-सामने के आंकड़े कैसे रहे हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक इस फॉर्मेट में 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन मैचों में जहां 18 बार वेस्टइंडीज की टीम को जीत मिली है, वहीं इंग्लैंड की टीम ने भी कड़ी टक्कर देते हुए वेस्टइंडीज को 16 टी20 मैचों में मात दी है। मौजूदा टी20 सीरीज इंग्लैंड की जमीन पर खेली जानी है। इंग्लैंड में इन दोनों टीमों के बीच अब तक 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं जिसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आते हैं। इंग्लैंड की जमीन पर भी आंकड़ों में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी है। यहां पर वेस्टइंडीज ने 4 टी20 मैचों में मेजबान इंग्लैंड को शिकस्त दी है, तो इंग्लैंड की टीम अपनी जमीन पर 3 टी20 मैचों में वेस्टइंडीज को हराने में सफल रही है।

इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (ENG vs WI 1st T20 Pitch Report)

आज इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टी20 टीमों के बीच सीरीज का पहला टी20 मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड (Riverside Ground) पर खेला जाना है। इस मैदान की पिच की बात करें तो यहां पर बल्लेबाज हावी होते नजर आ सकते हैं। अब तक यहां सिर्फ 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले ही खेले गए हैं। इस मैदान पर सर्वाधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर 195 रन है जो मेजबान इंग्लैंड ने 2013 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ बनाया था। जबकि न्यूनतम स्कोर 155 रन है जो इंग्लैंड के नाम दर्ज है जब 2017 में वे वेस्टइंडीज से टकराए थे। इस ग्राउंड पर लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2023 में दर्ज की थी जब टी20 मुकाबले में मेजबान टीम ने 143 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया था। रिवरसाइड ग्राउंड पर पहली पारी का औसत स्कोर 126 रन है। गेंदबाजों की बात करें तो यहां ज्यादा सफलताएं तेज गेंदबाजों के हाथ लगी हैं। अब तक यहां खेले गए चार मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 2 मैचों में जीत मिली है जबकि उतने ही मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है।

टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें (England And West Indies Squads For T20I Series)

इंग्लैंड टी20 टीमः हैरी ब्रुक (कप्तान), टॉम बैंटन, बेन डकेट, जोस बटलर (विकेट कीपर), जैकब बेथेल, लियाम डॉसन, विल जैक्स, ब्रायडन कार्स, आदिल रशीद, मैथ्यू पॉट्स, साकिब महमूद, ल्यूक वुड, जेमी स्मिथ, रेहान अहमद।

वेस्टइंडीज टी20 टीमः शे होप (कप्तान/विकेटकीपर), एविन लुईस, ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेस, जेसन होल्डर, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, शिमरोन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, आंद्रे रसेल और रोमारियो शेफर्ड।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article