देश

'इमरजेंसी में भी नहीं रुकी थीं ट्रेनें', केंद्र पर बरसे मल्लिकार्जुन खरगे, बोले- आज अघोषित आपातकाल जैसे हालात

Delhi Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा समय में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

Photo : ANI

Delhi Protest: राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि देश में आज अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के समय भी ट्रेन, फ्लाइट्स या शैक्षणिक संस्थानों में रुकावट नहीं आई थी, लेकिन मौजूदा समय में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है।

कर्नाटक के कलबुर्गी में संवाददाताओं से बातचीत में खरगे ने कहा, ''आपातकाल के दौरान भी ट्रेन, फ्लाइट्स या शैक्षणिक संस्थानों में रुकावट नहीं आई थी, लेकिन वर्तमान में अघोषित आपातकाल की स्थिति है। सड़कें, बसें, ट्रेनें और इंटरनेट बंद कर दिए गए हैं, मोबाइल जब्त किए जा रहे हैं और युवाओं के साथ पुलिस द्वारा सख्ती की जा रही है जिसके लिए शाह और मोदी जिम्मेदार हैं।''

PM मोदी पर बरसे खरगे

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, खरगे ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और शाह ने लोकतंत्र को खत्म करने का मन बना लिया है...। उन्होंने कहा, ''पहले जब ईवीएम को लेकर बयान आते थे तो सब मजाक उड़ाते थे। अब चुनाव आयोग के दो सदस्यों ने खुद ही बता दिया कि सिस्टम कितना मिसमैनेज्ड है और वोट के साथ कैसे हेरफेर किया जाता है, उन्हें चुराया जाता है, या बदला जाता है।''

उन्होंने दावा किया कि वोटों में हेरफेर, चोरी या बदलाव से जुड़े मामलों की जानकारी चुनाव आयोग के भीतर भी सभी को नहीं थी। बकौल खरगे, जब इन दोनों सदस्यों को इस बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने लिखित रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इसकी सूचना दी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

खरगे ने कहा कि राहुल गांधी शुरुआत से ही महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक के अलंद तथा महादेवपुरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कथित 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बोर्ड पर विस्तार से समझाकर भी इन मुद्दों को सामने रखा, लेकिन न तो चुनाव आयोग और न ही सरकार ने उनकी बात सुनी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article