क्रिकेट

SA vs AUS Test: मैट रेनशॉ ने तोड़ा विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड, रच दिया नया इतिहास

मैट रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 190 रन बनाकर अपनी जबरदस्त प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जब ऑस्ट्रेलिया 124/6 के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था, तब उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 174 रन जोड़े, जिसमें नाथन लियोन के साथ नौवें विकेट के लिए 134 रनों की शानदार साझेदारी भी शामिल थी।

Image

मैट रेनशॉ ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड।

Photo : AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान किसी एक टेस्ट पारी में निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक रन बनाने का विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रेनशॉ ने तब क्रीज पर कदम रखा, जब ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में था। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों (आठ से 11 नंबर) के साथ बल्लेबाजी करते हुए 397 गेंद पर 190 रन की अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। उनकी इस पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 390 रन बनाए।

मैट रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 190 रन बनाकर अपनी जबरदस्त प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जब ऑस्ट्रेलिया 124/6 के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था, तब उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 174 रन जोड़े, जिसमें नाथन लियोन के साथ नौवें विकेट के लिए 134 रनों की शानदार साझेदारी भी शामिल थी।

टूटा 10 साल पुराना रिकॉर्ड

मैट रेनशॉ ने अपनी उम्दा 190 रन की पारी की बदौलत विराट कोहली का एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे 2002 के बाद से टेस्ट पारी में निचले क्रम के बल्लेबाजों (टेल-एंडर्स) के साथ बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने डरबन टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 190 रनों की पारी के दौरान निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ साझेदारी में 174 रन बनाए।

टेल-एंडर्स के साथ मिलकर बनाया था इतिहास

इस तरह उन्होंने कोहली के 171 रनों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने यह उपलब्धि 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी शानदार 235 रनों की पारी के दौरान हासिल की थी। इस डबल सेंचुरी वाली पारी में कोहली ने 171 रन निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ खेलते हुए बनाए थे जो कि एक रिकॉर्ड था।

रेनशॉ बने पहले बल्लेबाज

वहीं, रेनशॉ की पारी ने डरबन के मैदान पर दो अहम रिकॉर्ड भी बनाए। उनके 190 रन, 2009 में फिलिप ह्यूज के 160 रनों को पीछे छोड़ते हुए, वहां किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गए। यह उस मैदान पर नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करने वाले किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर भी था, जिसने 2019 में कुसल परेरा के नाबाद 153 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article