क्रिकेट

AFG vs BAN Test: हसन महमूद ने पहली टेस्ट हैट्रिक लेकर रचा इतिहास, UAE में ऐसा करने वाले बने पहले गेंदबाज

26 साल के महमूद ने अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन लगातार गेंद पर इस्मत आलम, कैस अहमद और जिया-उर-रहमान को आउट किया। महमूद ने 21 ओवर में 55 रन देकर 5 विकेट लिए। वह यूएई में टेस्ट मैच में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने।

Image

हसन महमूद ने टेस्ट हैट्रिक लेकर रचा इतिहास। फोटो- BCB

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया। वे देश के पहले तेज गेंदबाज बने, जिसने टेस्ट हैट्रिक ली। वहीं, हसन महमूद यूएई में टेस्ट मैच में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने। अब, टेस्ट मैचों की मेजबानी करने वाले सभी देशों में (सिवाय आयरलैंड के, जिसने सिर्फ 3 मैच खेले हैं) हैट्रिक लग चुकी है।

26 साल के महमूद ने अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन लगातार गेंद पर इस्मत आलम, कैस अहमद और जिया-उर-रहमान को आउट किया। महमूद ने 21 ओवर में 55 रन देकर 5 विकेट लिए। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 240 रन पर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश ने पहली पारी में 346 रन बनाए थे और उसे 106 रन की बढ़त मिली।

83वें ओवर में ली हैट्रिक

हसन महमूद ने 83वें ओवर तीसरी गेंद पर इस्मत आलम को बोल्ड किया। हसन की गेंद इस्मत को छकाते हुए स्टंप्स से जा टकराई। चौथी गेंद पर उन्होंने कैस अहमद को आउट किया। विकेटकीपर लिटन दास ने स्टंप्स के पीछे कैच पकड़ा। इसके बाद जिया-उर-रहमान महमूद को आउट कर हैट्रिक पूरी की।

पांचवीं गेंद जिया के पैड पर लगी और महमूद ने LBW की अपील की। मैदानी अंपायर ने अपील खारिज कर दी। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने रिव्यू लिया। बॉल-ट्रैकिंग में दिखा कि गेंद ऑफ स्टंप से टकराती। इसके बाद फैसला बदल दिया गया और महमूद की हैट्रिक पूरी हुई। उनके पास डबल हैट्रिक लेने का मौका था लेकिन छठी गेंद पर अहमदजई ने कोई गलती नहीं की।

बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज

हसन महमूद टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज हैं। अलोक कपाली ने 2003 में पेशावर में पाकिस्तान के खिलाफ पहली हैट्रिक ली थी। इसके बाद सोहाग गाजी ने 2013 में चटगांव में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली। दोनों स्पिन गेंदबाज थे। इसलिए महमूद बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज हैं, जिसने टेस्ट क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल की है।

बने पहले पहले गेंदबाज

वहीं, हसन महमूद UAE में टेस्ट क्रिकेट की पहली हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज बने। अभी तक टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाले सभी देशों में टेस्ट हैट्रिक हो चुकी है। हालांकि, आयरलैंड एकमात्र ऐसा देश बचा है जहां अभी तक टेस्ट हैट्रिक नहीं हुई है। आयरलैंड ने अभी तक तीन टेस्ट मैच की मेजबानी की है। भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हरभजन सिंह थे। साल 2001 में घरेलू मैदान पर खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी।

टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाली देश में पहली हैट्रिक:-

टेस्ट आयोजक देशपहली हैट्रिक लेने वाला गेंदबाजसाल
ऑस्ट्रेलिया मेंफ्रेड स्पोफोर्थ (ऑस्ट्रेलिया)1879
साउथ अफ्रीका मेंजॉर्ज लोहमन (इंग्लैंड) 1896
इंग्लैंड मेंजैक हर्न (इंग्लैंड) 1899
न्यूजीलैंड में मॉरिस एलोम (इंग्लैंड) 1930
पाकिस्तान में वेस हॉल (वेस्टइंडीज) 1959
बांग्लादेश में वसीम अकरम (पाकिस्तान) 1999
जिम्बाब्वे में नुवान जोयसा (श्रीलंका) 1999
श्रीलंका में अब्दुल रज्जाक (पाकिस्तान) 2000
भारत में हरभजन सिंह (इंडिया) 2001
वेस्टइंडीज में जर्मेन लॉसन (वेस्टइंडीज) 2003
यूएई में हसन महमूद (बांग्लादेश) 2026
    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article