क्रिकेट

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर स्मृति मंधाना को मिली नई जिम्मेदारी, बनीं यूनिसेफ इंडिया की ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट'

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर यूनिसेफ इंडिया ने 11, अक्टूबर, रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना को नई जिम्मेदारी दी। यूनिसेफ इंडिया ने मंधाना को संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार एजेंसी की सेलिब्रिटी एडवोकेट नियुक्त करने का ऐलान किया है। इस नई भूमिका में, मंधाना बच्चों और युवाओं के समान अधिकारों और अवसरों की वकालत करने के का काम करेंगी।

Image

यूनिसेफ में स्मृति मंधाना को मिली बड़ी जिम्मेदारी। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर यूनिसेफ इंडिया ने 11, अक्टूबर, रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना को नई जिम्मेदारी दी। यूनिसेफ इंडिया ने मंधाना को संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार एजेंसी की सेलिब्रिटी एडवोकेट नियुक्त करने का ऐलान किया है। इस नई भूमिका में, मंधाना बच्चों और युवाओं के समान अधिकारों और अवसरों की वकालत करने के का काम करेंगी। भारत की खेल आइकन और युवा महिलाओं व लड़कियों के लिए रोल मॉडल, मंधाना लड़कियों को खेलने और आगे बढ़ने के लिए समान अवसरों की वकालत करेंगी। वह यूनिसेफ इंडिया की मदद करेंगी ताकि लड़कियों को सशक्त बनाया जा सके। उनके स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा दिया जा सके, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

पीटीआई के अनुसार, इस अवसर पर मंधाना ने कहा, मैं यूनिसेफ इंडिया की सेलिब्रिटी एडवोकेट के रूप में जुड़कर सम्मानित महसूस कर रही हूं। बचपन में क्रिकेट खेलने ने मुझे सिखाया कि हर सपना एक अवसर से शुरू होता है। मेहनत, दृढ़ संकल्प और प्रोत्साहन से वह अवसर कुछ असाधारण बन सकता है। हर बच्चे और युवा को बड़ा सपना देखने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने का अवसर मिलना चाहिए।

मंधाना बनीं कप्तान

अर्जुन पुरस्कार प्राप्त मंधाना, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान हैं। वह उस टीम का हिस्सा थीं जिसने 2025 में भारत को पहला आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप खिताब दिलाया। उसी साल, वह पहली महिला बनीं, जिन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 से अधिक वनडे रन बनाए और पांच वनडे शतक लगाकर रिकॉर्ड बनाया। 2026 में, वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पहली महिला क्रिकेटर बनीं। इसके अलावा वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनीं। वह दो बार आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर रह चुकी हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली चुनौती

हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के कुछ घंटे बाद ही स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंप दी गई। कप्तान के तौर पर मंधाना की पहली अग्रिपरीक्षा जिम्बाब्वे के खिलाफ होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ वह तीन टी20 और तीन वनडे मैच की घरेलू सीरीज में परमानेंट कप्तान के कप्तानी करेंगी। टी20 सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से होगा।

इसके लिए बीसीसीआई की महिला चयन समिति ने टी20 और वनडे टीम का ऐलान कर दिया है। टी20 और वनडे टीम में उप-कप्तान के तौर पर अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। टी20 में इसकी जिम्मेदारी शेफाली वर्मा को दी गई है, जबकि वनडे में दीप्ति शर्मा टीम की उप-कप्तान हैं। टी20 और वनडे टीम के लिए विकेटकीपर का विकल्प भी अलग-अलग है।

अलग-अलग विकेटकीपर

टी20 में ऋचा घोष का साथ देने के लिए जी कमलिनी को चुना गया है, जबकि वनडे टीम में यह जिम्मेदारी यास्तिका भाटिया को दी गई है। भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज रायपुर में खेली जाएगी, जबकि वनडे सीरीज वड़ोदरा में होगी। टी20 मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम जबकि वनडे वीसीए स्टेडियम कोटांबी में खेला जाएगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article