बिजनेस

अक्टूबर में IPO बाजार में बहार: जियो प्लेटफॉर्म्स समेत 12 बड़ी कंपनियां बाजार से जुटाएंगी पूंजी

Jio IPO: अक्टूबर में जियो प्लेटफॉर्म्स और अवाडा इलेक्ट्रो सहित करीब एक दर्जन कंपनियां आईपीओ लाने की तैयारी में हैं, जिनसे निवेशकों को प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नए निवेश अवसर मिलेंगे।

Image

अक्टूबर में जियो प्लेफॉर्म्स सहित एक दर्जन कंपनियां आईपीओ लाने की तैयारी में

Jio IPO : भारतीय शेयर बाजार के प्राथमिक बाजार (Primary Market) में निवेशकों के लिए कमाई और निवेश के शानदार अवसर आ रहे हैं। इस साल अक्टूबर के महीने में करीब एक दर्जन (12) बड़ी कंपनियां अपना आईपीओ (IPO) लाने की पूरी तैयारी में हैं। इनमें रिलायंस समूह की जियो प्लेटफॉर्म्स, जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग और अवाडा इलेक्ट्रो जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन आईपीओ के जरिए निवेशकों को टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, रिन्यूएबल एनर्जी, डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में पैसे लगाने का मौका मिलेगा।

चालू वर्ष में आईपीओ बाजार का मजबूत प्रदर्शन

भारतीय बाजार में इस साल आईपीओ की रफ्तार बेहद मजबूत रही है। 2026 में अब तक 96 कंपनियों ने आईपीओ के माध्यम से 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई है। केवल सितंबर के महीने में ही 35 आईपीओ बाजार में आए थे। मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, वर्ष की दूसरी छमाही में भी प्राथमिक बाजार में यह तेजी बनी हुई है। हालांकि शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक स्तर पर चल रही घटनाओं के कारण कंपनियों को अपने आईपीओ के समय का सही चयन करना होगा, लेकिन मजबूत और अच्छी गुणवत्ता वाली कंपनियों में निवेशकों की रुचि लगातार बनी हुई है। घरेलू संस्थागत निवेशकों और विदेशी निवेशकों के सहयोग से बाजार को लगातार मजबूती मिल रही है।

जियो प्लेटफॉर्म्स का देश का सबसे बड़ा आईपीओ

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक अक्टूबर महीने का सबसे बड़ा और चर्चित आकर्षण रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल सेवा इकाई 'जियो प्लेटफॉर्म्स' का आईपीओ रहेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलकर 23 अक्टूबर को बंद होगा। माना जा रहा है कि यह भारत के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है।

इस हफ्ते खुलने वाले प्रमुख आईपीओ (13 से 16 अक्टूबर)

  • एचडी फायर प्रोटेक्ट (HD Fire Protect): यह आईपीओ 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने इसके लिए 258 से 271 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और इसके जरिए 712 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। यह पूरी राशि ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत जुटाई जाएगी।
  • फ्यूजन सीएक्स (Fusion CX): एआई-आधारित ग्राहक सेवा देने वाली इस कंपनी का आईपीओ 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने 275 से 289 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और इसका लक्ष्य 702 करोड़ रुपये जुटाना है।

15 से 19 अक्टूबर के बीच आएंगे ये बड़े इश्यू

15 से 19 अक्टूबर के दौरान बाजार में कई कंपनियों के आईपीओ एक साथ दस्तक देंगे:-

  • जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग (Zetwerk): टेक-आधारित मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म जेटवर्क अपने आईपीओ से लगभग 5,000 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसमें 2,600 करोड़ रुपये के नए शेयर और 9.68 करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है।
  • टोन्बो इमेजिंग (Tonbo Imaging): रक्षा प्रौद्योगिकी (Defense Tech) के क्षेत्र में काम करने वाली यह कंपनी 1.22 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) लाएगी।
  • बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशंस (Bonfiglioli Transmissions): इटली के बोनफिग्लियोली समूह की भारतीय इकाई 4.32 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश के साथ बाजार में उतरेगी।
  • सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज (Sahajanand Medical Tech): मेडिकल उपकरण बनाने वाली इस कंपनी का आईपीओ भी 15 से 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा, जिसमें 1.38 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी।

बड़े फंड जुटाने की तैयारी में अन्य कंपनियां

नवीकरणीय ऊर्जा (Clean Energy) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी 'अवाडा इलेक्ट्रो' आईपीओ के जरिए 7,600 करोड़ रुपये का विशाल फंड जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा, पारस हेल्थकेयर 1,800 करोड़ रुपये और एनडीआर इनविट ट्रस्ट 750 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं।

गुजरात विक्ट्री फोर्जिंग्स ने 1.97 करोड़ शेयरों के निर्गम का प्रस्ताव रखा है, जबकि जल एवं अपशिष्ट जल उपचार (Water Treatment) समाधान देने वाली एसएफसी एन्वॉयरर्नमेंटल टेक्नोलॉजीज 150 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने और 1.23 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश वाला आईपीओ बाजार में लाएगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article