शहर

मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, आधी रात पूर्व पार्षद के घर पर बरसाईं गोलियां, इलाके में फैली दहशत

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में देर रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में घर के बाहर खड़ी कार के शीशे टूट गए, जबकि मकान के शटर पर भी गोलियों के निशान मिले हैं।

Image

रात के सन्नाटे में गोलियों की गूंज से दहला मुजफ्फरपुर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में देर रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने नगर निगम के वार्ड नंबर 17 की पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के आवास को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

रात करीब एक बजे हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब एक बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने रेखा देवी के घर के बाहर आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे आवास के बाहर खड़ी कार के शीशे टूट गए। इसके अलावा मकान के लोहे के शटर पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।

मौके से खोखे और जिंदा कारतूस बरामद

गोलीबारी की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस के खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों ने पूर्व पार्षद के आवास को निशाना क्यों बनाया और इस वारदात के पीछे उनकी क्या मंशा थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, परिजनों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article