देश

'देश में आराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी, चेन्नई में बोला झूठ', BJP का पलटवार

BJP on Rahul Gandhi: बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोगेम्बो मोदी लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य है कि कैसे देश में विभाजन पैदा हो।

Image

सुधांशु त्रिवेदी का राहुल गांधी पर पलटवार (फोटो साभार- ANI)

BJP on Rahul Gandhi: बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के चेन्नई वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अनर्गल और आधारहीन आरोप हमारी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर लगाने का प्रयास किया गया है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वास्तविकता में सत्य क्या है, इसके लिए मैं एक मिनट का पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन आप लोगों के सामने रखूंगा जिससे आपको बिल्कुल चित्रात्मक दृष्टि से फैक्ट्स और स्टैटिसटिक्स क्या हैं, यह स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। दुनिया की कई ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत तरक्की करे। वे इमरजेंसी की बात करते हैं, क्या एक किलोमीटर की बैरिकेडिंग इमरजेंसी है?

'राहुल गांधी देश में पैदा करना चाहते हैं विभाजन'

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य है कि कैसे देश में विभाजन पैदा हो, जबकि हमारा लक्ष्य एकता है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि तमिल भाषा के ऊपर आक्रमण किया जा रहा है नीट के आने से, जो पूर्णतः गलत है। यथार्थ यह है कि तमिल भाषा का पूरा सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हुआ है और उसके अलग-अलग आयामों को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाकर स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

'PM ने तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया स्थापित'

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अलग-अलग अवसरों पर किस प्रकार से तमिल भाषा, तमिल संस्कृति और तमिल प्रतीकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है। सुधांशु त्रिवेदी ने आंकड़े देते हुए बताया कि चेन्नई में 13000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स किए गए। चेन्नई मेट्रो में 4900 करोड़, नेशनल हाईवे के लिए 3700 करोड़ और कराईकल पेरल्लम लाइन के लिए 750 करोड़ रुपये दिए गए। चेन्नई, वीओसी, कामराजनगर में कार्गो क्रूज अपग्रेड करने के लिए तीन पोर्ट्स को अपग्रेड करने का कार्य किया गया है। इसके अलावा रेल-रोड में 7611 करोड़ तमिलनाडु में रेल बजट के लिए दिया गया है और 77 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशंस की तरह रीबिल्ड किया जाएगा।

राहुल गांधी ने मोदी को बताया था मोगेम्बो

इससे एक दिन पहले राहुल गांधी ने चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कहा था कि वह पीएम मोदी को तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास पर हमला नहीं करने देंगे। उन्होंने पीएम मोदी को हिंदी फिल्म मिस्टर इंडिया के विलन मोगेम्बो के तौर पर पेश किया था और कहा था कि मोगेम्बो मोदी लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया था कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और इतिहास पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि परिसीमन के जरिए तमिलनाडु को निशाना बनाया जा रहा है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article