MS Dhoni Out Of IPL 2026 For Two Weeks: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को करारा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज व आईपीएल के सबसे अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्ते तक मैदान पर नहीं उतरेंगे।सीएसके (CSK) ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। क्या है इसकी वजह यहां जानते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान व विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी मांसपेशियों में खिंचाव (Calf Strain) के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की। फ्रेंचाइजी ने बताया कि धोनी फिलहाल रिहैब से गुजर रहे हैं और दो हफ्ते तक मैदान से बाहर रहेंगे।
इसी के साथ महेंद्र सिंह धोनी के करियर में ये उन दुर्लभ मौकों में से एक है जब वो चोट के कारण काफी समय तक मैदान से बाहर रहेंगे। धोनी अपने करियर में ज्यादातर समय चोटों से दूर नहीं रहे हैं। यहां तक कि जब उन्हें गंभीर चोटें भी लगी थी, तब भी इसने उन्हें खेलने से नहीं रोका। आईपीएल 2023 से पहले, उन्हें घुटने में गंभीर चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने दर्द से जूझते हुए टीम के लिए खेला था।
CSK ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में लिखा, "एम एस धोनी वर्तमान में काफ स्ट्रेन के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इसलिए वो टाटा आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों में नहीं खेल पाएंगे।"
चेन्नई सुपर किंग्स को अपना पहला मैच 30 मार्च 2026 को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है। अब धोनी की जगह दो हफ्ते तक टीम में शामिल हुए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे।
आज आईपीएल 2026 का आगाज होने जा रहा है। आईपीएल के 19वें संस्करण के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहला मैच खेलने उतरेंगी।
