अयोध्या में इन दिनों आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। एक ओर रामनगरी में ऐतिहासिक 14 कोसी परिक्रमा शुरू हो गई है। शास्त्रीय मुहूर्त के अनुसार परिक्रमा की शुरुआत रात 1 बजकर 21 मिनट से होनी है, लेकिन श्रद्धालुओं ने इससे पहले ही परिक्रमा शुरू कर दी है। दूसरी ओर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर परिसर में गोसदन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। 'श्रीराम निवास' के पास इसके लिए जगह चिह्नित कर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यहां 8 से 10 देसी गायों से गोसदन की शुरुआत होगी। इन गायों के दूध, दही और घी का इस्तेमाल रामलला की दैनिक सेवा में किया जाएगा। इस तरह अयोध्या में एक तरफ श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, तो दूसरी तरफ गोसेवा और देसी गोवंश संरक्षण की नई पहल आकार ले रही है।
8 से 10 देसी गायों से होगी शुरुआत
ट्रस्ट की योजना के मुताबिक, गोसदन की शुरुआत 8 से 10 देसी गायों के साथ की जाएगी। यहां केवल भारतीय नस्ल की गायों को रखा जाएगा और उनका पालन-पोषण किया जाएगा। भविष्य में जरूरत के हिसाब से गोसदन का विस्तार भी किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय गोवंश की देसी नस्लों का संरक्षण और संवर्धन करना है। इसके लिए गायों के रहने और उनकी देखभाल की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
रामलला की सेवा में इस्तेमाल होगा देसी गायों का दूध और घी
गोसदन बनने के बाद मंदिर परिसर में ही देसी गायों का शुद्ध दूध, दही और घी उपलब्ध हो सकेगा। इनका इस्तेमाल प्रतिदिन रामलला की सेवा में किया जाएगा। इससे मंदिर की दैनिक पूजा और सेवा के लिए जरूरी दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता परिसर में ही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। ट्रस्ट की यह पहल गोसेवा के साथ भारतीय नस्ल की गायों के संरक्षण को भी बढ़ावा देगी।
रामनगरी अयोध्या में ऐतिहासिक और प्राचीन 14 कोसी परिक्रमा की शुरुआत हो चुकी है। हालांकि शास्त्रीय मुहूर्त के अनुसार परिक्रमा की शुरुआत रात 1 बजकर 21 मिनट से होनी है, लेकिन मुहूर्त से पहले ही अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिक्रमा शुरू कर दी है। अयोध्या की शास्त्रीय सीमा के अंतर्गत होने वाली यह परिक्रमा लगभग 45 किलोमीटर लंबी होती है। श्रद्धालु जहां से परिक्रमा शुरू करते हैं, वहीं परिक्रमा पूरी कर उसी स्थान पर वापस पहुंचते हैं। परिक्रमा का निर्धारित मुहूर्त 24 घंटे का होता है।
वहीं लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में एनएसजी कमांडो, एटीएस, एसटीएफ, सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। पूरे परिक्रमा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि ड्रोन कैमरों के जरिए भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
अनुमान है कि इस ऐतिहासिक परिक्रमा में करीब 40 से 50 लाख श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुविधाओं की व्यवस्था जिला प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। विदेश, भारतीय मूल के निवासि आज अयोध्या पहुंचकर रामलाल का दर्शन करने के उपरांत 14 कोसी परिक्रमा करेंगे
