अध्यात्म

20 या 21 नवंबर, कब है देवउठनी एकादशी? जानिए सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Dev Uthani Ekadashi 2026 Kab hai: साल 2026 में देव उठनी एकादशी किस दिन है और इस दिन की पूजा विधि क्या है। आइए जानते हैं।

Image

देवउठनी एकादशी कब है

Dev Uthani Ekadashi 2026 Kab hai: कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। उनके जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। कई परिवारों में रात के समय शंख और घंटियां बजाकर भगवान को जगाया जाता है।

साल 2026 में देवउठनी एकादशी की तारीख को लेकर लोगों के मन में असमंजस है। कुछ पंचांगों में 20 नवंबर तो कुछ में 21 नवंबर को व्रत की तारीख दी गई है। इसकी वजह स्मार्त और वैष्णव परंपराओं के व्रत नियम हैं। ऐसे में जानना जरूरी है कि गृहस्थ परिवारों को किस दिन व्रत रखना चाहिए, एकादशी तिथि कब शुरू और समाप्त होगी और भगवान विष्णु को जगाने की पूजा कैसे करनी चाहिए।

देवउठनी एकादशी 2026 कब है, 20 या 21 नवंबर?

साल 2026 में स्मार्त परंपरा को मानने वाले यानी गृहस्थों को देवउठनी एकादशी का मुख्य व्रत शुक्रवार, 20 नवंबर को रखना चाहिए। वहीं, वैष्णव परंपरा का पालन करने वाले लोग शनिवार, 21 नवंबर को गौण देवउठनी एकादशी का व्रत करेंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि सभी लोगों को लगातार दो दिन उपवास रखना है। वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी अपने मंदिर या गुरु परंपरा के कैलेंडर का पालन करते हैं।

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी। इस तिथि का समापन 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा। स्मार्त और वैष्णव परंपराओं में एकादशी व्रत निर्धारित करने के नियम अलग हैं, इसी कारण इस बार दोनों तारीखें मान्य हैं।

देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त

20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 1 मिनट से 5 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक है। शाम को गोधूलि मुहूर्त 5 बजकर 26 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इन समयों में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जा सकती है।

देवउठनी एकादशी 2026 के व्रत का पारण कब करें?

20 नवंबर को स्मार्त परंपरा के अनुसार व्रत रखने वाले लोग शनिवार, 21 नवंबर को पारण करेंगे। पारण का समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक है। हरि वासर की समाप्ति लगभग दोपहर 12 बजकर 7 मिनट पर होगी। पारण करते समय इस अवधि का ध्यान रखना जरूरी है। जो लोग वैष्णव परंपरा के अनुसार 21 नवंबर को व्रत रखेंगे, वे 22 नवंबर को पारण करेंगे। उनके लिए पारण का समय सुबह 6 बजकर 49 मिनट से 8 बजकर 56 मिनट तक रहेगा।

देवउठनी एकादशी की पूजा विधि

देवउठनी एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद घर के मंदिर और पूजा स्थल की सफाई करें। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की मूर्ति या तस्वीर को चौकी पर स्थापित करें। घी का दीपक जलाकर व्रत का संकल्प लें। संकल्प करते समय भगवान विष्णु से व्रत को श्रद्धापूर्वक पूरा करने की प्रार्थना करें।

पूजा स्थल या आंगन में गेरू और चावल के आटे से चौक बनाएं। कई घरों में इस दिन भगवान विष्णु के चरणों के निशान बनाने की परंपरा है। इसके बाद गन्ने से छोटा मंडप सजाएं। चौक के पास गन्ना, सिंघाड़ा, बेर, मौसमी फल और मिठाई रखें। कुछ परंपराओं में इन चीजों को डलिया या टोकरी से ढककर रखा जाता है।

इसके बाद भगवान विष्णु को चंदन, पीले फूल, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करें। माता लक्ष्मी की भी विधि-विधान से पूजा करें। भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित कर सकते हैं, लेकिन एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ने से बचें। पूजा के दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। श्रद्धालु विष्णु सहस्रनाम या भगवान विष्णु के स्तोत्र का पाठ भी कर सकते हैं।

शंख और घंटी बजाकर भगवान विष्णु को कैसे जगाएं?

देवउठनी एकादशी की सबसे खास परंपरा भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने की है। कई परिवारों में शाम या रात को पूजा के बाद यह रस्म निभाई जाती है। पूजा स्थल पर परिवार के सभी सदस्य एकत्र होते हैं। इसके बाद शंख, घंटी और घड़ियाल बजाकर भगवान विष्णु को जगाने का आह्वान किया जाता है। इस दौरान भगवान से चातुर्मास की योगनिद्रा समाप्त कर सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी फिर संभालने की प्रार्थना की जाती है।

भगवान विष्णु को जगाते समय इस मंत्र का जाप कर सकते हैं।

उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।

त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥

इस मंत्र का अर्थ है कि हे गोविंद, उठिए और अपनी निद्रा त्यागिए। हे जगत के स्वामी, आपके सोने पर पूरा संसार भी सोया हुआ है। आप जागकर संसार का कल्याण करें। मंत्र जाप के बाद भगवान विष्णु की आरती करें और फल, मिठाई या पंचामृत का भोग लगाएं। इसके बाद परिवार के सदस्यों में प्रसाद बांटें।

देवउठनी एकादशी पर व्रत कैसे रखें?

इस दिन लोगअपनी क्षमता और पारिवारिक परंपरा के अनुसार व्रत रखते हैं। कुछ लोग निर्जला व्रत करते हैं, जबकि कई श्रद्धालु फलाहार लेकर उपवास रखते हैं। व्रत के दौरान अनाज और चावल का सेवन नहीं किया जाता। फल, दूध, मखाना और अन्य व्रत में मान्य सात्विक चीजें ली जा सकती हैं। व्रत रखने वाले लोगों को दिनभर भगवान विष्णु का स्मरण और भजन-कीर्तन करना चाहिए। अगले दिन निर्धारित पारण मुहूर्त में व्रत खोलें।

व्रत का उद्देश्य केवल भोजन से परहेज करना नहीं, बल्कि पूजा-पाठ और संयम के साथ दिन बिताना भी है। अपनी सेहत के अनुसार व्रत का तरीका चुनना चाहिए। परिवार में जिस तरह से एकादशी का व्रत रखने की परंपरा है, उसे भी ध्यान में रखें।

देवउठनी एकादशी पर क्यों जागते हैं भगवान विष्णु?

पौराणिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने का चातुर्मास शुरू होता है। इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश और दूसरे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसी वजह से इस दिन को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है।

भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है। इसके बाद विवाह और दूसरे शुभ कार्यों के मुहूर्त शुरू होने लगते हैं। देवउठनी एकादशी को इसी वजह से मांगलिक कार्यों की शुरुआत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

देवउठनी एकादशी पर कब होगा तुलसी विवाह?

देवउठनी एकादशी के साथ तुलसी विवाह का भी विशेष संबंध है। कुछ परिवारों में एकादशी के दिन और कुछ में इसके अगले दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। साल 2026 में तुलसी विवाह शनिवार, 21 नवंबर को किया जाएगा। इस दिन कार्तिक शुक्ल द्वादशी का अवसर रहेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तुलसी विवाह की रस्म देवउठनी एकादशी के दिन भी की जाती है।

तुलसी विवाह के लिए तुलसी के पौधे को सजाया जाता है और भगवान शालिग्राम को वर के रूप में स्थापित किया जाता है। दोनों को वस्त्र और पुष्प अर्पित कर विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं। जिन घरों में तुलसी का पौधा नहीं है, वहां परिवार की परंपरा के अनुसार तुलसी के पत्तों या माता तुलसी के चित्र को प्रतीक मानकर पूजा की जा सकती है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article