RCB vs SRH IPL 2026 Match Timing Today: दुनिया की सबसे महंगी टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल का 19वां सीजन आज शुरू हो रहा है। सीजन का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद (Bengaluru vs Hyderabad) के बीच खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने पिछले सीजन में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 17 सालों का सूखा खत्म किया था और अपना पहला टाइटल जीता था। इस बार बेंगलुरू की टीम एक बार फिर उस कमाल को दोहराने का प्रयास करेगी। वहीं आज की दूसरी टीम सनराइजर्स हैदराबाद अपना दूसरा खिताब जीतने का प्रयास करने की तरफ पहला कदम बढ़ाएगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की कमान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के हाथों में है, जबकि उनकी टीम में आईपीएल इतिहास का सबसे सफल बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) भी हुंकार भरेगा। जबकि, सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस अभी मौजूद नहीं हैं और उनकी वापसी तक टीम के कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) होंगे। इस तरह से आईपीएल 2026 पहला सीजन होगा जहां सभी 10 कप्तान भारतीय होंगे।
आईपीएल में RCB का सफर कैसा रहा हैः रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम आईपीएल की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक हैं और मौजूदा चैंपियन भी। उन्होंने साल 2008 में शुरू हुए आईपीएल के पहले सीजन में लीग चरण भी पार नहीं किया था। फिर 2009 में वे रनर-अप रहे। साल 2010 में वे तीसरे नंबर पर रहे। साल 2011 में एक बार फिर वे खिताब जीतने से चूके और रनर-अप बने। इसके बाद 2012 से 2014 तक लगातार तीन सीजन उनकी टीम लीग स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी। फिर 2015 में अच्छी वापसी की और तीसरे नंबर पर रहे, लेकिन 2016 में एक बार फिर खिताब के करीब आकर चूक गए और रनर-अप घोषित हुए। इसके बाद, फिर से लगातार तीन साल तक वे लीग चरण को पार करने में असफल हुए। साल 2020 और 2021 में वे प्लेऑफ में पहुंचे और 2022 में तीसरे पायदान पर रहे। साल 2023 में लीग स्टेज तक ही सीमित रहे, 2024 में प्लेऑफ में पहुंचे और आखिरकार 2025 में उन्होंने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता।
आईपीएल में SRH का सफर कैसा रहा हैः साल 2013 में हैदराबाद फ्रेंचाइजी का नाम बदला और डेक्कन चार्जर्स से वे सनराइजर्स हैदराबाद बन गए। इस नाम के साथ पहले सीजन में उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंची लेकिन खिताब तक नहीं। फिर उसके बाद के दो साल वे लीग स्टेज तक ही सीमित रहे। फिर आया 2016, जो उनके लिए ऐतिहासिक साल साबित हुआ और सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने अपना पहला खिताब जीत लिया। इसके बाद 2017 से 2020 के बीच वे तीन बार प्लेऑफ में पहुंचे और एक बार रनर-अप भी रहे। फिर 2021 से 2023 तक लीग स्टेज से आगे नहीं जा सके। फिर अचानक 2024 में फाइनल में पहुंचे लेकिन वहां कोलकाता ने उनको हरा दिया। जबकि 2025 में हैदराबाद फिर लीग स्टेज तक ही सीमित रह गई।
बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 का पहला मैच किस तारीख को होना है? (RCB vs SRH IPL 2026 Match Date)
बेंगलुरू और हैदराबाद की टीमों के बीच आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच 28 मार्च 2026, शनिवार को खेला जाना है।
बेंगलुरू की टीम और हैदराबाद की टी20 टीम के बीच आईपीएल 2026 मैच कहां खेला जाना है? (RCB vs SRH IPL 2026 Match Venue)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच आईपीएल 2026 का मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M Chinnaswamy Stadium) में आयोजित होने जा रहा है।
आरसीबी-एसआरएच आईपीएल मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (RCB vs SRH IPL Match Time Today)
आज बेंगलुरू क्रिकेट टीम और हैदराबाद क्रिकेट टीम के बीच आईपीएल 2026 का रोमांचक ओपनिंग मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस 7:00 बजे होगा। बेंगलुरू का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हुआ है और यहां बड़ी पारियां और बड़े स्कोर देखना आम है।
आईपीएल 2026 के पहले मैच में बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच आज होने वाली भिड़ंत को भारत में टीवी पर कहां देख सकेंगे? (RCB vs SRH IPL 2026 Match TV Telecast Channel In India)
बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच आज आईपीएल 2026 के मैच को भारत में आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में लाइव देख सकेंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 में टीमें (Royal Challengers Bengaluru And Sunrisers Hyderabad Squads For IPL 2026)
सनराइजर्स हैदराबाद स्क्वॉडः ईशान किशन (कप्तान), अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासेन, ट्रैविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्रायडन कार्से, शिवांग कुमार, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, जैक एडवर्ड्स, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान, कुछ मैचों के बाद), जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, शिवम मावी, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले और अमित कुमार।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू स्क्वॉडः रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, जॉर्डन कॉक्स, विकी ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2026 के पहले मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आज कहां देख सकते हैं? (RCB vs SRH IPL 2026 1st Match Live Streaming Today)
हैदराबाद और बेंगलुरू के बीच आईपीएल के 19वें संस्करण के पहले मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट (JioHotstar App And Website) पर देख सकते हैं।
आईपीएल में बेंगलुरू और हैदराबाद के आमने-सामने के आंकड़े (RCB vs SRH Head To Head Stats)
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें अब तक कुल 26 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में 13 बार हैदराबाद ने बेंगलुरू को शिकस्त दी है। जबकि आरसीबी ने 11 बार हैदराबाद की टीम को हराया है। दो मुकाबले बराबरी पर छूटे। बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की बात करें, जहां आज का मैच होने वाला है, यहां पर अब तक इन दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में 9 मैच हो चुके हैं जिसमें आरसीबी ने घर में 5 बार हैदराबाद को हराया, जबकि मेहमान एसआरएच इस मैदान पर सिर्फ 3 मैच जीतन में सफल रही है।
