क्रिकेट

गुरनूर ब्रार को टिम साइफर्ट से भिड़ना पड़ा भारी, ICC ने की कार्रवाई; विराट कोहली भी नहीं बचा पाए

ICC की एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को शुक्रवार को माउंट मौनगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है।

Image

गुरनूर ब्रार पर हुई कार्रवाई। फोटो- ICC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच के दौरान टिम साइफर्ट से भिड़ना भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को भारी पड़ गया। आईसीसी ने कार्रवाई करते हुए ब्रार को फटकार लगाई है। साथ ही लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है।

यह घटना 12वें ओवर के अंत में टिम साइफर्ट के आउट होने के बाद हुई। ब्रार ने साइफर्ट को आउट करने के बाद आक्रामक तरीके से जश्न मनाया था। हालांकि, विराट कोहली ने बीच-बचाव किया था, लेकिन यह आईसीसी के नियमों का उल्लंघन माना गया।

लेवल-1 का किया उल्लंघन

ICC की एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार को शुक्रवार को माउंट मौनगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है।

आईसीसी की विज्ञप्ति में कहा गया, यह पाया गया कि ब्रार ने खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए बनी आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया है। यह नियम ऐसी भाषा, हरकतों या इशारों से जुड़ा है, जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर उसका अपमान कर सकते हैं या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकते हैं।

जोड़ा गया डिमेरिट प्वाइंट

इसके अलावा, ब्रार के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। 24 महीने की अवधि में यह उनका दूसरा अपराध है, जिससे उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या दो हो गई है। ब्रार ने अपना अपराध मान लिया और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के रंजन मदुगले द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

मैदान पर मौजूद अंपायर क्रिस ब्राउन और कुमार धर्मसेना, तीसरे अंपायर पॉल रीफेल और चौथे अंपायर वेन नाइट्स ने यह आरोप लगाया था। लेवल 1 के उल्लंघन के लिए कम से कम आधिकारिक फटकार और अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना तथा एक या दो डिमेरिट पॉइंट्स की सजा हो सकती है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article