स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2027 मिनी-ऑक्शन से पहले सभी 10 टीमों ने अपनी-अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी कर दी। इस बार टीमों ने अपने बड़े और मार्की खिलाड़ियों को रिलीज किया है, जिसकी फैंस को उम्मीद नहीं थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने मथीशा पथिराना को रिलीज करके 18 करोड़ रुपये अपने पर्स में जोड़े। वहीं, मुंबई इंडियंस ने ट्रेंट बोल्ट को रिलीज कर दिया। हैदराबाद ने सभी को चौंकाते हुए अपने धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज ट्रैविस हेड को रिलीज कर दिया और 14 करोड़ रुपये पर्स में बचाए।
आईपीएल रिटेंशन से ठीक पहले एमएस धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने की चर्चा रही। सीएसके ने इसकी पुष्टि की। हालांकि, वह आईपीएल में एक नए रोल में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पूर्व कप्तान को टीम का मेंटर नियुक्त किया है। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने महंगे खिलाड़ियों में से एक प्रशांत वीर को रिलीज कर दिया।
हेड और स्टार्क अनुपलब्ध
ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड और मिचेल स्टार्क आईपीएल 2027 में नजर नहीं आएंगे। इन दोनों ने पहले ही साफ कर दिया था कि 2027 का साल काफी व्यस्त रहने वाला है और राष्ट्रीय टीम के लिए क्रिकेट खेलेंगे। इसलिए वे IPL के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। राजस्थान ने शिमरन हेटमायर को रिलीज कर अपने पर्स में 11 करोड़ रुपये बचाए।
बड़े नामों की सूची है जिन्हें फ्रेंचाइजी ने किया रिलीज-
- मथीशा पथिराना - कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) - 18 करोड़ रुपये
- प्रशांत वीर - चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) - 14.2 करोड़ रुपये
- ट्रैविस हेड - सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) - 14 करोड़ रुपये
- ट्रेंट बोल्ट - मुंबई इंडियंस (MI) - 12.5 करोड़ रुपये
- मिचेल स्टार्क - दिल्ली कैपिटल्स (DC) - 11.75 करोड़ रुपये
- शिमरन हेटमायर - राजस्थान रॉयल्स (RR) - 11 करोड़ रुपये
- आवेश खान - पंजाब किंग्स (PBKS) - 9.75 करोड़ रुपये
- दीपक चाहर - मुंबई इंडियंस (MI) - 9.25 करोड़ रुपये
- तुषार देशपांडे - राजस्थान रॉयल्स (RR) - 6.5 करोड़ रुपये
- एमएस धोनी - चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) - 4 करोड़ रुपये
- जैकब बेथेल - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) - 2.6 करोड़ रुपये
लखनऊ के पास सबसे ज्यादा पर्स
बता दें कि गत चैंपियन आरसीबी ने 20 खिलाड़ियों को रिटेन किया, जबकि रनर्स-अप गुजरात टाइटंस ने 22 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। लखनऊ सुपर जायंट्स (47.45 करोड़) के पास सबसे ज्यादा का पर्स बचा है। वहीं,गुजरात टाइटन्स (8.75 करोड़) के पास सबसे कम पर्स है। 16 दिसंबर को गोवा में आईपीएल ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।

