क्रिकेट

ऐसा मत करो अर्शदीपः ब्रेट ली ने अर्शदीप सिंह को दी चेतावनी, कोच द्रविड़ और कप्तान रोहित को नसीहत

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 28, 2022, 06:44 PM IST

Brett Lee gives 'Guru Mantra' to Arshdeep Singh: टीम इंडिया के तेजी से उभरते हुए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को इन दिनों हर तरफ से सलाह और नसीहतें मिल रही हैं। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने उनको इससे बचने की सलाह दे डाली है। साथ ही टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा को भी नसीहत दी।

Image

ब्रेट ली ने अर्शदीप सिंह को दी सलाह व नसीहत (YouTube/AP)

भारत के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टी20 विश्व कप 2022 में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीता है। उसके बाद से वो लगातार सुर्खियों में हैं और हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उनको वनडे डेब्यू करने का मौका दिया गया है। अर्शदीप को भविष्य के सितारे के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर ब्रेट ली ने अर्शदीप को लकर कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा को एक खास नसीहत दी है।

ब्रेट ली चाहते हैं कि भारतीय कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अत्याधिक सलाह से जितना संभव हो दूर रखना चाहिए क्योंकि इसके विपरीत प्रभाव भी पड़ सकते हैं। जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति का अर्शदीप ने पूरा फायदा उठाया तथा 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 33 विकेट लिए।

कई बार सब पीछे पड़ जाते हैं

ब्रेट ली ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ब्रेट ली लाइव’ पर कहा, ‘‘अक्सर टीमों को पता नहीं होता कि इन युवा खिलाड़ियों के साथ क्या करना चाहिए। हमने पहले भी देखा है कि जब कोई युवा खिलाड़ी टीम से जुड़ता है तो उसे खिलाड़ियों, टीवी, कमेंटेटरों और यहां तक कि होटल में भी सलाह मिलती रहती है। हर किसी का उद्देश्य सही होता है लेकिन कई बार बहुत अधिक सलाह विपरीत प्रभाव डाल देती है।’’

अर्शदीप को भी चेतावनी और सलाह

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए अर्शदीप को अत्याधिक सलाह से बचाने का जिम्मा राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा का है।’’ ली ने इसके साथ ही अर्शदीप को चोटों से मुक्त रहने के लिए भी सलाह दी। उन्होंने कहा,‘‘ऐसे खिलाड़ी को जिसने की बहुत कम मैच खेले हों, मेरा मानना है कि मैं उसके साथ कुछ विचार साझा करने के योग्य हूं। कुछ छोटी-छोटी बातें हैं जिनसे मुझे लगता है कि अर्शदीप के एक्शन में मदद मिल सकती है और वह अधिक विकेट ले सकते हैं।’’

ली ने कहा,‘‘ अर्शदीप को मेरी पहली सलाह यह है कि अमूमन लोग कहते हैं कि तेज गेंदबाजों को जिम जाना चाहिए। वह चाहते हैं तेज गेंदबाज मजबूत बने। दिमाग से भी मजबूत बना जा सकता है। मेरा मानना है कि जिम जाओ लेकिन वहां बहुत अधिक समय मत दो। अपनी मांसपेशियों को लेकर चिंता मत करो इससे आपको तेज गेंदबाजी करने में मदद नहीं मिलेगी।’’

सोशल मीडिया को लेकर खुद को मजबूत बनाओ

अर्शदीप की एशिया कप सुपर चार मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली का आसान कैच छोड़ने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हुई थी। ली ने इस युवा तेज गेंदबाज को सलाह दी कि वह सोशल मीडिया के कारण अपना ध्यान भंग न करें। उन्होंने कहा,‘‘ दूसरी सलाह सोशल मीडिया की पोस्ट को लेकर खुद को मजबूत बनाओ। अगर आप खिलाड़ी हैं और सोशल मीडिया पर आपकी उपस्थिति है तो आपको ‘नोटिफिकेशन’ बंद कर देने चाहिए। आपके बारे में क्या लिखा गया है उसको मत पढ़ो।’’

घरेलू क्रिकेट खेलते रहो

ऑस्ट्रेलिया का यह पूर्व क्रिकेटर इसके साथ ही चाहता है कि अर्शदीप घरेलू क्रिकेट खेलते रहें। उन्होंने कहा,‘‘ घरेलू क्रिकेट में अपने कौशल पर काम करते रहें क्योंकि जब कोई विश्वकप नहीं हो और आप टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल रहे हो तो तब घरेलू क्रिकेट में आपको अपनी चमक बिखेरनी चाहिए।’’

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article