Shafali Verma Century Asian Games: एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस पारी की हीरो रही ओपनर शेफाली वर्मा, जिन्होंने अपने टी20 करियर का पहला शतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। निश्शिन में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में शेफाली ने सिर्फ 49 गेंदों में 100 रन पूरे किए। इसी के साथ वह एशियन गेम्स के इतिहास में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं।
शेफाली वर्मा ने रच दिया इतिहास
इससे पहले एशियन गेम्स में महिला या पुरुष किसी भी वर्ग में शतक नहीं लगा था। शेफाली ने अपनी पारी में चौके-छक्कों की बारिश कर दी। छोटे बाउंड्री का उन्होंने पूरा फायदा उठाया। जब उन्होंने शोरना अख्तर की गेंद पर सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया तो भारतीय डगआउट में जश्न शुरू हो गया। शेफाली ने हेलमेट उतारकर सभी का अभिवादन किया। यह उनका पहला टी20 इंटरनेशनल शतक भी है। अपनी इस पारी में शेफानी ने 9 छक्के और तीन चौके लगाए।
भारत के लिए चौथा शतक
शेफाली की इस पारी ने उन्हें सबसे तेज शतक की लिस्ट में भी पहुंचा दिया है। महिला टी20 में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन के नाम है जिन्होंने 38 गेंदों में शतक लगाया था। शेफाली ने 49 गेंदों में शतक लगाकर हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली है। हरमन ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में ही शतक लगाया था। भारत के लिए महिला टी20 में यह चौथा शतक है। इससे पहले स्मृति मंधाना ने दो बार और हरमनप्रीत कौर ने एक बार शतक लगाया है। स्मृति ने 2026 में हांगकांग के खिलाफ 124 रन बनाए थे जो भारत की तरफ से सबसे बड़ा स्कोर है। मैच में भारत के लिए स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी उपयोगी योगदान दिया। अगर भारत यह मैच जीत लेता है तो एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंच जाएगा।
