स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने रविवार को आइची-नागोया एशियाई खेलों में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर अपने शूटिंग अभियान की शानदार शुरुआत की। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद ने मिलकर कुल 1898.0 पॉइंट हासिल किए और चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। चीन ने 1904.2 के वर्ल्ड-रिकॉर्ड स्कोर के साथ टॉप स्थान हासिल किया। मेजबान जापान 1897.1 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
आइची-नागोया 20वें एशियाई खेलों में भारत का यह पहला पक्का मेडल है। MMA फाइटर सुचिका तारियाल मेडल पक्का करने वाली पहली भारतीय एथलीट बनीं, जो महिलाओं के ट्रेडिशनल MMA 60kg सेमीफाइनल में पहुंचीं। हालांकि, निशानेबाजी के जरिए भारत ने अपना पहला एशियन गेम्स 2026 का मेडल जीता।
सोनम और एलावेनिल सिंगल के फाइनल में
फाइनल मुकाबले में सोनम 634.1 पॉइंट के साथ भारत की टॉप स्कोरर रहीं, उनके बाद एलावेनिल (633.5 पॉइंट) और विदर्शा (630.4 पॉइंट) रहीं।
एलावेनिल और सोनम ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई किया। उनके स्कोर ने उन्हें फाइनलिस्ट में जगह दिलाई। एलावेनिल और सोनम दिन में बाद में होने वाले आठ महिलाओं के व्यक्तिगत फाइनल में एक और मेडल जीतने की कोशिश करेंगी।
भारत का दमदार आगाज
यह सिल्वर मेडल भारत के शूटिंग अभियान के लिए एक उत्साहजनक शुरुआत है। खासकर तब जब देश के शूटर्स ने हांगझोऊ एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 22 मेडल (7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज) जीते थे। इस बार भी शूटरों से ज्यादा से ज्यादा मेडल की उम्मीद है।
MMA में भी मेडल पक्का
भारत की सुचिका तारियाल ने रविवार को महिलाओं के ट्रेडिशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर आइची-नागोया एशियाई खेलों में देश के लिए पहला मेडल पक्का किया। 36 वर्षीय खिलाड़ी ने संयमित प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। वह सोमवार को मुकाबला करेंगी। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलना तय है, इसलिए तारियाल के अंतिम चार में पहुंचने से यह पक्का हो गया है कि भारत इस इवेंट से एक मेडल जरूर जीतेगा। MMA में यह भारत पहला मेडल होगा। क्योंकि, इसी साल MMA ने एशियन गेम्स में अपना डेब्यू किया है।
