एजुकेशन

इंटरव्यू में 'Tell Me About Yourself' सवाल का कैसे दें जवाब, सिलेक्शन होगा आसान

जॉब इंटरव्यू में अक्सर 'Tell Me About Yourself- अपने बारे में बताइए' सवाल पूछा जाता है, लेकिन इसका जवाब अक्सर लोग गलत देते हैं, जो उनके रिजेक्शन का कारण भी बन जाता है। आइए आपको इसके सटीक जवाब बताएं।

Image

इंटरव्यू में 'Tell Me About Yourself' सवाल का कैसे दें जवाब (Photo - AI/ Verified by Newsroom)

How to Answer Tell Me About Yourself Question in Interview: इंटरव्यू चाहे किसी बड़ी कंपनी का हो या शुरुआती करियर के किसी पद का, सबसे पहला सवाल अक्सर यही होता है—"Tell Me About Yourself" यानी "अपने बारे में बताइए"। कई उम्मीदवार इसे बेहद साधारण सवाल समझकर अपनी पूरी पर्सनल और पारिवारिक कहानी सुनाने लगते हैं, जो सबसे बड़ी गलती है। वहीं कुछ उम्मीदवार सालों तक नौकरी करने के बाद भी इस सवाल का सही उत्तर नहीं दे पाते हैं। असल में, यह सवाल इंटरव्यूअर के सामने आपकी पहली छाप (First Impression) छोड़ने का सबसे अहम मौका होता है। सही रणनीति, आत्मविश्वास और सटीक उत्तर के माध्यम से आप इस एक सवाल के जवाब से अपना सिलेक्शन लगभग तय कर सकते हैं। जी हां, आपने सही समझा, तो आइए आज आपको बताएं कि इंटरव्यू में पूछे जाने वाले 'अपने बारे में बताइए' सवाल का सही जवाब कैसे देना है।

इंटरव्यूअर क्यों पूछता है यह सवाल?

जवाब तैयार करने से पहले जॉब इंटरव्यू (Job Interview Question) की तैयारी कर रहे हर उम्मीदवार के लिए यह समझना जरूरी है कि एम्प्लॉयर इस सवाल से क्या जानना चाहता है, आइए बताएं -

कम्युनिकेशन स्किल्स: आप अपनी बात कितनी स्पष्टता और आत्मविश्वास से रखते हैं।

रेलिवेंस: आपका अनुभव और योग्यताएं उस जॉब रोल से कितनी मेल खाती हैं।

व्यावसायिक रवैया: क्या आप केवल बायोडाटा दोहरा रहे हैं या अपने काम के प्रभाव को समझा पा रहे हैं।

जवाब देने का सबसे बेहतरीन फॉर्मूला 'Present-Past-Future'

इस सवाल का जवाब देने के लिए प्रोफेशनल वर्ल्ड में Present-Past-Future (वर्तमान-अतीत-भविष्य) तकनीक को सबसे प्रभावी माना जाता है। आपको अपने जवाब को 3 मुख्य भागों में बांटना चाहिए -

1. वर्तमान - 30% हिस्सा

जब आप अपने जवाब की शुरुआत करते हैं तो अपनी मौजूदा स्थिति से करें। इसमें अपना नाम, वर्तमान पद या पढ़ाई और अपनी हालिया सबसे बड़ी उपलब्धि को संक्षेप में बताएं। उदाहरण के तौर पर "मेरा नाम [...] है। वर्तमान में मैं [कंपनी/संस्थान का नाम] में [पद का नाम] के रूप में काम कर रहा हूं, जहां मुख्य रूप से मेरी जिम्मेदारी [मुख्य काम/प्रोजेक्ट] को संभालने की है।"

2. अतीत/अनुभव - 50% हिस्सा

वर्तमान परिचय के बाद आपको अतीत यानी पिछले अनुभव, शैक्षणिक पृष्ठभूमि और उन खास प्रोजेक्ट्स या स्किल्स का जिक्र करें जो इस नए रोल से सीधे मेल खाते हों। उदाहरण के लिए "इससे पहले मैंने [कॉलेज/पुरानी कंपनी] में [विशेष स्किल/अनुभव] हासिल की। अपने पिछले अनुभव के दौरान मैंने [कोई बड़ी उपलब्धि, जैसे - सेल्स में 20% बढ़ोतरी या टीम लीड करना] हासिल किया, जिसने मेरे अंदर [प्रासंगिक स्किल] को मजबूत किया।"

3. भविष्य/लक्ष्य - 20% हिस्सा

अपने जवाब का अंत इस बात से करें कि आप इस पद के लिए क्यों उत्सुक हैं और यह कंपनी आपके करियर के लक्ष्यों से कैसे मेल खाती है। उदाहरण के लिए "अब मैं अपनी इन स्किल्स को और आगे बढ़ाना चाहता हूं। इस कंपनी में यह रोल मेरी क्षमताओं और करियर गोल के साथ पूरी तरह से फिट बैठता है, इसलिए मैं इस अवसर के लिए काफी उत्साहित हूं।"

जवाब तैयार करते समय इन बातों का रखें ध्यान

इस सवाल का जवाब देते हुए जिस बात का सबसे अधिक ख्याल रखना है वह समय का। जी हां, आपका जवाब 1 से 2 मिनट के भीतर पूरा हो जाना चाहिए। बहुत लंबा या बहुत छोटा जवाब दोनों ही नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। अपने जवाब में उन की-वर्ड्स और स्किल्स का इस्तेमाल करें जिन्हें कंपनी उस रोल के लिए खोज रही है। इसके साथ ही उम्मीदवार पर्सनल जानकारी देने से बचें। जब तक अलग से न पूछा जाए, तब तक अपने परिवार, गांव, शादी या निजी शौक के बारे में विस्तार से न बताएं। जवाब देते समय अपनी बॉडी लैंग्वेज को सकारात्मक यानी पॉजिटिव रखें और इंटरव्यूअर से सीधे नज़रें मिलाकर आत्मविश्वास के साथ बात करें।

फ्रेशर्स कैसे दें इस सवाल का जवाब?

'अपने बारे में बताइए' इस सवाल का जवाब देने में अच्छे-अच्छे अनुभवी लोग थोड़ा घबरा जाता हैं या सटीक जवाब नहीं दे पाते हैं। ऐसे में यदि आपके पास कार्य अनुभव नहीं है और फ्रेशर हैं तो आपको नर्वस होना लाजमी सी बात है, लेकिन आपको घबराने की आवश्यकता नहीं है। फ्रेशर्स अपने उत्तर को नीचे दिए उदाहरण के तौर पर तैयार कर सकते हैं -

अपनी शैक्षणिक योग्यता और कॉलेज प्रोजेक्ट्स का जिक्र करें। पढ़ाई के दौरान किए गए इंटर्नशिप, ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स या एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज के बारे में बताएं। अपनी सॉफ्ट स्किल्स (जैसे - क्विक लर्निंग, टीमवर्क, प्रॉब्लम सॉल्विंग) को किसी उदाहरण के साथ जोड़कर प्रस्तुत करें। इंटरव्यू से पहले इस सवाल का घर पर शीशे के सामने या दोस्तों के साथ अभ्यास जरूर करें। सही तैयारी के साथ दिया गया यह पहला जवाब आपके पूरे इंटरव्यू का माहौल सकारात्मक बना देगा और सिलेक्शन की संभावनाओं को कई गुना बढ़ा देगा। कई बार कंपनियां उम्मीदवार में काम करने और सीखने की इच्छा पर ध्यान देती है, जिसका जवाब आपने आत्मविश्वास से दिया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article