SA vs NZ Semi Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका की टीम को एक बार फिर चोकर्स साबित कर दिया। कीवी टीम ने अभी तक टूर्नामेंट में अपराजय चली आ रही दक्षिण अफ्रीका की टीम को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर पांच साल बाद टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई।
पहले बल्लेबाजी करने हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बोर्ड पर लगाए। मार्को यान्सन ने अर्धशतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम ने 12.5 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। टिम साइफर्ट 58 रन और फिन एलन ने नाबाद 100 रन की पारी खेली। मैच हारने के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम भावुक दिखे।
मार्करम ने बताया मैच का टर्निंग प्वाइंट
मार्करम ने कहा, मुझे लगता है कि अगर आप परिस्थितियों को देखें तो उन्होंने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उनकी गेंदबाजी यूनिट को पूरा श्रेय जाता है। जब कोई बल्लेबाज उस तरह की पारी खेल देता है तो अक्सर मैच आपके पक्ष में नहीं जाता। ऐसे में 170 तक पहुंचना भी ईमानदारी से कहूं तो अच्छी कोशिश थी। T20 क्रिकेट में अक्सर ऐसा होता है कि अगर पावरप्ले में टीम तेज शुरुआत कर ले तो मैच का रुख वहीं तय हो जाता है।
खिलाड़ियों को दिया दिलासा
साउथ अफ्रीका के कप्तान ने आगे कहा, मुझे लगा था कि यह विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा रहेगा। शायद हमें किसी तरह 190 तक पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए थी। तब हम मैच में बने रह सकते थे। मैच के रिजल्ट से हम निराश हैं, लेकिन मुझे मेरी टीम पर बहुत गर्व है। पूरे टूर्नामेंट में इन्होंने शानदार क्रिकेट खेला है। अभी सबसे पहले हमें अपनी भावनाओं को थोड़ा शांत होने देना होगा। क्रिकेट में गिरने के बाद फिर खड़ा होना पड़ता है और वापसी करनी पड़ती है।
न्यूजीलैंड के पास पहला खिताब जीतने का मौका
हार के साथ प्रोटियाज का एक और विश्व कप का सपना चकनाचूर हो गया। वहीं, न्यूजीलैंड सपने देखने की हिम्मत कर उसे साकार करने की ओर एक कदम और बढ़ा दिया है। रविवार को उनके पास अपना पहला खिताब जीतने का मौका होगा। पांच को पता चलेगा कि उनका सामना भारत से होगा या इंग्लैंड से।
