त्योहारी सीजन में ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच उत्तर रेलवे ने इस बार यात्री प्रबंधन के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पूजा और त्योहारों के दौरान उत्तर रेलवे ने करीब 1.82 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। यह आंकड़ा पिछले साल के 1.72 करोड़ यात्रियों के मुकाबले करीब 10 लाख ज्यादा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने न सिर्फ विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए, बल्कि नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर भी क्षमता में इजाफा किया।
उत्तर रेलवे के मुताबिक, 2026 के त्योहारी सीजन में विशेष ट्रेनों के कुल 7,085 फेरे संचालित किए गए, जबकि पिछले साल यह संख्या 4,666 थी। यानी इस बार स्पेशल ट्रेनों के फेरों में 52 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रोजाना औसतन करीब 54 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन फेरे चलाए गए।
यात्रियों की संख्या में भी लगातार इजाफा देखने को मिला
पिछले साल जहां प्रतिदिन औसतन 3.91 लाख यात्रियों को सुविधा दी जा रही थी, वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 4.14 लाख पहुंच गया। यानी रोजाना करीब 22,700 अतिरिक्त यात्रियों ने रेल सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 1.82 करोड़ यात्रियों में से करीब 1.66 करोड़ यात्रियों ने नियमित ट्रेनों से सफर किया, जबकि 12.83 लाख यात्रियों को विशेष ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ सेवाओं के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ISI हैंडलर के 'लव ट्रैप' में फंसी पंजाब की युवती, प्रेमी संग मिलकर ट्रेन उड़ाने की रची साजिश
रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने पर भी खास जोर दिया
भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने पर भी खास जोर दिया। इस साल त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में 581 अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जबकि पिछले साल इनकी संख्या महज 123 थी। यानी अतिरिक्त कोच लगाने में करीब 372 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।उत्तर रेलवे का कहना है कि विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे, नियमित ट्रेनों में कोच बढ़ाने और यात्री मांग की लगातार निगरानी के जरिए त्योहारी भीड़ को बेहतर तरीके से संभाला गया। रेलवे के इन इंतजामों का मकसद त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना रहा।
