Times Now Navbharat
live-tv
Premium

एक वादा जो रह गया अधूरा! 4 साल 362 दिन पहले CSK फैंस को दिया था भरोसा

साल 2026 में पूरे सीजन एमएस धोनी मैदान पर नहीं उतरे। फैंस ने पूरे सीजन उनकी बल्लेबाजी का इंतजार किया, लेकिन थाला प्लेइंग इलेवन में ही नहीं शामिल किए गए। घुटने में लगी चोट के चलते एमएस धोनी ने पूरा सीजन नहीं खेला। पिछेल साल चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान जब धोनी मैदान पर उतरे तो फैंस की आंखों में आंसू आ गए। फ्रेंचाइजी ने शायद उसी दिन अपने चैंपियन कप्तान को विदाई दी थी।

Image
धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास।
Authored by: उमेश कुमार
Updated Nov 17, 2026, 17:07 IST
Follow on Google News
KEY HIGHLIGHTS
एमएस धोनी ने आईपीएल से लिया रिटायरमेंट
सीएसके ने बनाया टीम का मेंटर
अपनी कप्तानी में CSK को दिलाए पांच खिताब

'मैंने हमेशा अपने क्रिकेट करियर की योजना बनाई है। मेरा आखिरी वनडे मैच रांची में हुआ था और उम्मीद है कि मेरा आखिरी T20 मैच चेन्नई में होगा। मुझे नहीं पता कि ऐसा अगले साल होगा या पांच साल बाद...', 20 नवंबर 2021 को खिताब जीतने के बाद चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में महेंद्र सिंह धोनी ने यह वादा किया था। लेकिन एक वादा जो अब शायद अधूरा रह गया। धोनी के बयान के मुताबिक 5 साल पूरे होने के ठीक 3 दिन पहले सीएसके ने एक बड़ा ऐलान कर दिया। पांच बार की आईपीएल चैंपियन सीएसके ने पूर्व कप्तान को आगामी सीजन के लिए टीम का मेंटर घोषित कर दिया। यानी IPL 2027 में MS Dhoni बल्ले के साथ मैदान पर नजर नहीं आएंगे।

साल 2026 में पूरे सीजन एमएस धोनी मैदान पर नहीं उतरे। फैंस ने पूरे सीजन उनकी बल्लेबाजी का इंतजार किया, लेकिन थाला प्लेइंग इलेवन में ही नहीं शामिल किए गए। घुटने में लगी चोट के चलते एमएस धोनी ने पूरा सीजन नहीं खेला। पिछेल साल चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान जब धोनी मैदान पर उतरे तो फैंस की आंखों में आंसू आ गए। फ्रेंचाइजी ने शायद उसी दिन अपने चैंपियन कप्तान को विदाई दी थी, बस ऐलान करना बाकी रह गया है। उसी दिन से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि एमएस धोनी ने आईपीएल को साइलेंट तरीके से अलविदा कह दिया है।

CSK ने धोनी को दी विदाई

CSK ने धोनी को दी विदाई

खेले 19 आईपीएल सीजन

हालांकि, धोनी ने एक खिलाड़ी, एक लीडर के तौर पर एक विरासत पीछे छोड़ दी है। धोनी ने साल 2008 से 2026 तक 19 सीजन खेले। इस बीच अपनी कप्तानी में सीएसके को पांच बार खिताब जीताया। धोनी की अगुआई में चेन्नई ने 11 बार आईपीएल फाइनल और 12 बार प्लेऑफ खेला। इसके अलावा धोनी की ही कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 बार चैंपियंस लीग की ट्ऱॉफी भी जीती। माही ने चेन्नई के लिए 235 मैचों में कप्तानी की और 136 मैच जीते।

नाखून चबा रहे फैंस को दी उम्मीद

वह सुपर किंग्स के लिए 5314 रन के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। 272 मैचों के साथ चेन्नई सुपर किंग के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। अनगिनत आखिरी गेंद पर फिनिश और हेलीकॉप्टर शॉट CSK और IPL की कहानियों का हिस्सा हैं। लेकिन नंबरों से आगे बढ़कर, धोनी क्रिकेट और चेन्नई सुपर किंग्स के एक और लेजेंड होने के स्टेटस से बहुत आगे निकल चुके हैं। जब फैंस टेंशन भरे मैच में नाखून चबा रहे थे, तब उनके ठंडे मिजाज से लेकर, बैट्समैन को हैरान करने वाली बिजली की तरह स्टंपिंग करने तक, उनकी अलग और अलग सोच तक; धोनी ने लाखों फैंस को यकीन करने की वजह दी।

यही उनकी असली विरासत

सीएसके की प्रेस रिलीज में मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा, एक क्रिकेटर के तौर पर MS धोनी ने जो हासिल किया, वह हर फैंन की याद में बसा है। लेकिन धोनी को जो बात सच में खास बनाती है, वह यह है कि वह पूरी तरह से चेन्नई का हिस्सा बन गए। उन्होंने शहर को अपनाया और शहर ने उन्हें अपने जैसा बनाया। जब हम पीछे मुड़कर देखेंगे, तो ट्रॉफियां याद रहेंगी, लेकिन उन्हें जीतने का तरीका भी याद रहेगा। यही उनकी असली विरासत है। हालांकि हम उन्हें मैदान पर पीले रंग में देखना मिस करेंगे, लेकिन हमें खुशी है कि वह हमारे खिलाड़ियों को गाइड करते रहेंगे। आने वाले सालों में यह रिश्ता और मजबूत होता रहेगा और इस टीम को आकार देगा।

2025 में खेला था आखिरी मुकाबला

धोनी आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे। सीएसके के फैंस के बीच 'थाला' के नाम से मशहूर धोनी ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेला था। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच आईपीएल खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) दिलाए। इस उपलब्धि के साथ वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा ने भी पांच खिताब जीते हैं।

धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास

धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास

137 की स्ट्राइट रेट से की बल्लेबाजी

धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेले और 38.30 की औसत से 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 137 से अधिक रहा। माही ने 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से लेकर 2023 तक चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की। हालांकि, 2016 और 2017 में जब सीएसके पर प्रतिबंध लगा था, तब वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेले थे।

आईपीएल में धोनी ने कुल 264 छक्के जड़े हैं। सीएसके लिए के लिए वह सर्वाधिक (234 सिक्स) सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज रहे। आईपीएल इतिहास में धोनी सबसे सफल विकेटकीपरों में से एक हैं। धोनी ने 158 कैच और 47 स्टम्पिंग की है। धोनी 20वें ओवर में सर्वाधिक सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी भी है। उनके बल्ले से 72 सिक्स निकले। अब ये सब फैंस की यादों में रहेंगे।

End of Article