T20 World Cup 2026 Today Match Schedule 4 March: आज टी20 विश्व कप 2026 में अब बीस टीमें घटकर 4 हो चुकी हैं। यानी शुरुआत होने जा रही है सेमीफाइनल (T20 World Cup Semi Final) मुकाबलों की। जो सफर एक महीना पहले शुरू हुआ तो वो अब अपने अंजाम की ओर बढ़ रहा है और आज हमको टी20 विश्व कप फाइनल (T20 World Cup Final) की पहली टीम मिल जाएगी। आज होगा इस विश्व कप संस्करण का पहला सेमीफाइनल मैच जहां सुपर 8 चरण के ग्रुप 1 पर शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला ग्रुप 2 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा।
आज किसका मैच हैः टी20 विश्व कप में आज पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा जिसमें दो बड़ी टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलने वाली है। आमने-सामने होंगी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम। जहां दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप 2026 में लगातार 7 मुकाबले जीतकर अपने विजय रथ को अब तक थमने नहीं दिया है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम किसी तरह थोड़ी मेहनत और थोड़ी किस्मत के दम पर यहां तक पहुंचने में सफल हुई है। गौरतलब है कि इंग्लैंड से हार के बाद न्यूजीलैंड की टीम 3 अंकों पर अटक गई थी, इसके बाद पाकिस्तान को अगले सुपर 8 मैच में श्रीलंका को 147 रन के अंदर रोकना था अगर सेमीफाइनल में जाने के लिए न्यूजीलैंड से बेहतर नेट रन रेट करना था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सके, मैच तो जीता लेकिन टूर्नामेंट से बाहर हुए और न्यूजीलैंड को किस्मत से 3 अंकों के साथ सेमीफाइनल में ग्रुप-2 के दूसरे स्थान पर रहते हुए एंट्री मिल गई।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड में किसका पलड़ा भारीः आंकड़ों के नजरिए से देखें तो टी20 विश्व कप इतिहास में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें अब तक 5 मैच खेले चुकी हैं और सालों-साल हर बार दक्षिण अफ्रीका ने ही न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज की है। अब तक टी20 विश्व कप इतिहास में न्यूजीलैंड की टीम एक भी मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं जीत सकी है और ये स्कोरलाइन 5-0 से दक्षिण अफ्रीका के नाम दर्ज है। इसमें एक मैच मौजूदा विश्व कप के ग्रुप स्टेज में खेला गया था जहां दक्षिण अफ्रीका ने कीवी टीम को आसानी से हरा दिया था। वैसे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी आंकड़े ज्यादा अलग नहीं क्योंकि दोनों टीमों के बीच अब तक 19 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं जिनमें न्यूजीलैंड सिर्फ 7 मौकों पर दक्षिण अफ्रीका को हरा सकी है, जबकि साउथ अफ्रीका ने 12 मैचों में न्यूजीलैंड को इस सबसे छोटे फॉर्मेट में परास्त किया है।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में आज के पहले सेमीफाइनल मैच का शेड्यूल, कब और कहां होने जा रहा है आज का मैच? (ICC T20 World Cup 2026 Semi Final Today Match Schedule, 4 March 2026, Wednesday)
| किसका-किसका मैच | कहां होगा पहला सेमीफाइनल | पहले सेमीफाइनल मैच का समय |
| दक्षिण अफ्रीका Vs न्यूजीलैंड | कोलकाता (ईडेन गार्डन्स) | शाम 7 बजे शुरू होगा |
