टेक एंड गैजेट्स

YouTube Creator की मौत के बाद चैनल और कमाई का क्या होगा? किसका होगा हक

अगर किसी YouTube Creator की अचानक मौत हो जाए तो उसके चैनल, वीडियो और कमाई का क्या होता है? क्या परिवार चैनल चला सकता है और क्या YouTube से आने वाली कमाई वारिस को मिल सकती है?

Image

क्रिएटर की मौत के बाद YouTube अकाउंट का क्या होगा?

आज के समय में YouTube सिर्फ वीडियो देखने का प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि लाखों लोगों के लिए कमाई का जरिया भी बन चुका है। कई क्रिएटर्स YouTube से हर महीने अच्छी कमाई करते हैं। ऐसे में एक बड़ा सवाल यह है कि अगर किसी YouTube Creator की मौत हो जाए तो उसके चैनल और उससे होने वाली कमाई का क्या होगा? क्या परिवार उस चैनल को आगे चला सकता है या फिर YouTube अकाउंट बंद हो जाएगा? Google के मुताबिक, किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसके AdSense अकाउंट में मौजूद बकाया कमाई को उसके वैध वारिस तक पहुंचाने की प्रक्रिया मौजूद है।

कैसे होती है यूट्यूब से कमाई?

दरअसल, YouTube से होने वाली कमाई के लिए क्रिएटर के चैनल के साथ AdSense for YouTube अकाउंट जुड़ा होता है। क्रिएटर की मौत होने पर AdSense सिस्टम अपने आप यह नहीं जानता कि अकाउंट होल्डर की मृत्यु हो गई है। ऐसे में अकाउंट की मौजूदा payment settings के आधार पर पेमेंट जारी रह सकती है। अगर मृत व्यक्ति का कोई वैध वारिस बकाया कमाई लेना चाहता है, तो उसे Google के सामने जरूरी दस्तावेज जमा करने पड़ सकते हैं। Google ऐसे मामलों में वैध वारिस की पहचान और दस्तावेजों की जांच के बाद भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करता है।

क्या ओनरशिप हो सकती है ट्रांसफर?

यहां यह समझना जरूरी है कि YouTube चैनल और AdSense अकाउंट एक ही चीज नहीं हैं। चैनल पर मौजूद वीडियो, सब्सक्राइबर और कंटेंट अपनी जगह रहते हैं, जबकि कमाई के लिए AdSense अकाउंट महत्वपूर्ण होता है। Google की जानकारी के अनुसार AdSense अकाउंट की ownership को सामान्य तरीके से किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर करने की अनुमति नहीं है। हालांकि मृत्यु जैसी परिस्थितियों में payments profile में जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं और Google वैध वारिस के दावे पर प्रक्रिया अपना सकता है।

मौत के बाद क्या जारी रहेगी कमाई?

अब सवाल आता है कि क्या क्रिएटर की मौत के बाद भी YouTube चैनल से कमाई जारी रह सकती है? इसका जवाब सीधा हां या ना नहीं है। YouTube के नियमों के अनुसार अगर कोई monetized channel लंबे समय तक सक्रिय नहीं रहता, तो YouTube उसकी monetization बंद करने का अधिकार रखता है। वर्तमान जानकारी के मुताबिक, अगर चैनल पर 6 महीने या उससे ज्यादा समय तक कोई वीडियो अपलोड या Posts tab पर पोस्ट नहीं की जाती, तो YouTube monetization बंद कर सकता है।

इसके अलावा AdSense for YouTube अकाउंट में भी 6 महीने तक ad activity या earnings न होने पर deactivation हो सकता है। Google पहले करीब 5 महीने की inactivity के बाद चेतावनी भेजता है और 6 महीने बाद अकाउंट deactivate किया जा सकता है। हालांकि AdSense अकाउंट deactivate होने का मतलब यह नहीं है कि YouTube चैनल भी अपने आप खत्म हो जाएगा।

इसलिए अगर कोई क्रिएटर चाहता है कि उसकी गैर-मौजूदगी में उसके डिजिटल अकाउंट को परिवार संभाल सके, तो पहले से योजना बनाना जरूरी है। Google का Inactive Account Manager ऐसा विकल्प देता है, जिसके जरिए यूजर पहले से तय कर सकता है कि लंबे समय तक अकाउंट इस्तेमाल न होने की स्थिति में किसे जानकारी या कुछ अकाउंट डेटा तक पहुंच दी जाए। हालांकि इससे यह जरूरी नहीं हो जाता कि YouTube चैनल या AdSense अकाउंट सीधे किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर हो जाएगा।

ऐसे में YouTube Creator के लिए जरूरी है कि वह अपने परिवार को चैनल, AdSense, जरूरी दस्तावेजों और डिजिटल संपत्तियों से जुड़ी जानकारी के बारे में पहले से बताए। खासकर अगर चैनल से हर महीने बड़ी कमाई होती है, तो उत्तराधिकार और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की व्यवस्था पहले से रखना परिवार के लिए आगे की प्रक्रिया को आसान बना सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article