CWG 2022: महिला एकल के सेमीफाइनल पहुंची पीवी सिंधू, आकर्षि का अभियान खत्म

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2022, 09:31 PM IST

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू ने राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन की महिला एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

CWG 2022: महिला एकल के सेमीफाइनल पहुंची पीवी सिंधू, आकर्षि का अभियान खत्म

बर्मिंघम: दो बार की ओलंपिक चैम्पियन पीवी सिंधू ने राष्ट्रमंडल खेलों के महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में मलेशिया की गोह वेई जिन को हराकर शनिवार को सेमीफाइनल में जगह पक्की की। पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए रैंकिंग में 60वें स्थान पर काबिज गोह पर 19-21, 21-14, 21-18 से जीत दर्ज की।

युवा खिलाड़ी आकर्षि कश्यप का राष्ट्रमंडल खेलों का अभियान हालांकि खत्म हो गया। अंतिम आठ मुकाबले में 2014 और 2018 की क्रमश: रजत और कांस्य पदक विजेता स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिल्मोर ने भारतीय खिलाड़ी को आसानी से 21-10, 21-7 से पराजित किया।

इन खेलों के पिछले दो सत्र में कांस्य और रजत पदक जीत चुकी सिंधू की गोह पर यह लगातार तीसरी जीत है। राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल के महिला एकल में गोह ने उन्हें कड़ी टक्कर दी थी जो इस मुकाबले में भी जारी रही। गोह ने आक्रामक खेल से भारतीय खिलाड़ी को एक बार फिर से चौका दिया। सिंधू ने हालांकि इसके बाद अपने खेल का स्तर ऊंचा किया और जीत दर्ज की।

पहले गेम को गंवाने के बाद 27 साल की हैदराबाद की खिलाड़ी ने लय हासिल की। दूसरे गेम में ब्रेक के समय तीन अंक की बढ़त कायम की। विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज सिंधू ने अपनी बढ़त को 19-14 तक ले गयी और फिर लगातार दो अंक जुटाकर दूसरा गेम अपने नाम किया।

निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर हुई। दोनों का स्कोर एक समय 6-6 था जिसके बाद सिंधू ने दो अंक लेकर बढ़त कायम की लेकिन गोह लगातार तीन अंक बनाकर आगे निकल गयीं। ब्रेक के समय सिंधू के पास एक अंक की बढ़त थी। दोनों खिलाड़ियों ने इस दौरान बॉडी स्मैश सहित कई करारे शॉट लगाये। गोह ने हालांकि इसके बाद वापसी की लेकिन सिंधू ने तीन मैच प्वाइंट में से दूसरे मौके को भुनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

End of Article