ESIC North Zone Sports Meet 2025 : कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 13वीं उत्तरी अंचल खेल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ बुधवार को नई दिल्ली स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आर.के. गौतम, आयुक्त, क.रा.बी. निगम थे तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. वनोरा ई. नोंग्रम, चिकित्सा आयुक्त थीं। उक्त प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करने से पूर्व, श्री गौतम ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उनके प्रयासों तथा उनकी पहल की सराहना की तथा उन्हें न केवल खेलों में बल्कि क.रा.बी. निगम लाभार्थियों को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने के लिए अपने दैनिक कामकाज में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
634 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
इससे पूर्व चिकित्सा आयुक्त डॉ. वनोरा नोंग्रम ने सभी प्रतिभागियों और टीमों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन रोजमर्रा के कार्यालयी कार्य की एकरसता से एक प्रकार का सकारात्मक विराम प्रदान करते हैं तथा व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा को ऊर्जा प्रदान करते हैं जिससे हम अपने दायित्वों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकते हैं। उद्घाटन समारोह का आरंभ श्री निशांत कुमार, संयुक्त निदेशक, क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों एवं उत्तर भारत के 08 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से आए 11 दलों के कुल 634 प्रतिभागियों के स्वागत से हुआ।
ये गणमान्य अधिकारी रहे उपस्थित
तत्पश्चात विकास कुंडल, क्षेत्रीय निदेशक, दिल्ली ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई एवं उनसे खेल भावना व प्रतियोगिता नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर डॉ. सविता भाटिया, निदेशक (चिकित्सा) दिल्ली; डॉ. सुशील भारती, चिकित्सा अधीक्षक, क.रा.बी. निगम अस्पताल झिलमिल; दुष्यंत पांडेय, क्षेत्रीय निदेशक, जम्मू एवं कश्मीर; अशोक कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, बद्दी (हिमाचल प्रदेश); प्रणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी) उप-क्षेत्रीय कार्यालय लुधियाना; सुनील यादव, संयुक्त निदेशक (प्रभारी), उप-क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम और सुशील सचदेवा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी), उप-क्षेत्रीय कार्यालय नंदनगरी भी उपस्थित रहे।
