अध्यात्म

Kharmas December 2025: कब से शुरू होंगे खरमास, जानिए इस दौरान कौन से काम हो जाते हैं वर्जित

Kharmas December 2025: खरमास को अशुभ माना जाता है। यह साल में दो बार लगते हैं। एक बार तब जब सूर्य गुरु की राशि धनु में प्रवेश करते हैं। वहीं, दूसरा तब, जब सूर्य गुरु की दूसरी राशि में मीन में प्रवेश करते हैं। आइए जानते हैं कि इस बार दिसंबर 2025 में खरमास कब से लग रहे हैं और इस दौरान कौन से काम करना वर्जित माना जाता है।

Image

दिसंबर में खरमास कब से शुरू होंगे

Kharmas December 2025: हर साल दो बार खरमास लगता है एक बार जब सूर्य धनु राशि में आते हैं और दूसरी बार जब मीन राशि में जाते हैं। इस बार सूर्य 16 दिसंबर 2025 को सुबह 4 बजकर 27 मिनट पर धनु राशि में प्रवेश करेंगे और इसी पल से खरमास शुरू हो जाएगा। यह 14 जनवरी 2026 की रात 9 बजकर 19 मिनट तक चलेगा, जब सूर्य मकर राशि में जाएंगे और मकर संक्रांति होगी। मकर संक्राति के साथ ही खरमास समाप्त हो जाएंगे। खरमास में शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। आइए जानते हैं कि खरमास क्यों लगता है और इस दौरान कौन से काम नहीं करने चाहिए?

खरमास क्यों लगता है?

ज्योतिष शास्त्र में सूर्य जब गुरु की राशियों (धनु और मीन) में जाते हैं तो उनका तेज कमजोर पड़ जाता है। सूर्य को ‘ग्रहों का राजा’ कहा जाता है और मांगलिक कार्यों के लिए सूर्य का बलवान होना जरूरी है। गुरु की राशि में सूर्य के प्रवेश करते ही गुरु का प्रभाव भी क्षीण हो जाता है, जबकि विवाह जैसे संस्कारों में गुरु और शुक्र दोनों का बली होना अनिवार्य है। इसलिए इस एक महीने को ‘अशुभ’ या ‘मलमास’ मानकर सभी शुभ कार्य रोक दिए जाते हैं।

खरमास में कौन-से काम बिल्कुल बंद हो जाते हैं?

  • विवाह, सगाई, रोका, तिलक, सगाई
  • गृह प्रवेश, नया घर बनवाना या खरीदना
  • मुंडन, नामकरण, अन्नप्राशन, जनेऊ संस्कार
  • नया वाहन, प्रॉपर्टी या बड़ी खरीददारी
  • नया बिजनेस या दुकान का उद्घाटन
  • कोई भी बड़ा धार्मिक अनुष्ठान (जैसे यज्ञ, हवन) जो नए कार्य की शुरुआत कराए
ये सारे काम 14 जनवरी की रात मकर संक्रांति के बाद ही शुरू होंगे।

खरमास में क्या करना सबसे शुभ है?

यह महीना भगवान नारायण की आराधना, दान-पुण्य और सेवा के लिए सबसे उत्तम माना गया है।

  • रोज सूर्य को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें, ‘ॐ घृणि सूर्याय नमः’ जपें
  • विष्णु सहस्रनाम, पुरुषोत्तम स्तोत्र, सत्यनारायण कथा का पाठ करें
  • गौ माता की सेवा, अन्न-वस्त्र-फल का दान करें
  • तुलसी पूजन, भागवत पाठ या रामचरितमानस का पाठ करें
  • गंगा स्नान या घर पर गंगाजल से स्नान करें
  • सात्विक भोजन लें, तामसिक भोजन (लहसुन-प्याज-मांस-मदिरा) त्यागें
मान्यता है कि खरमास में किया गया एक दान-दान सौ गुना फल देता है और अगले पूरे साल सुख-समृद्धि रहती है।

खरमास के बाद कब होंगे विवाह मुहूर्त?

खरमास खत्म होते ही 15 जनवरी 2026 से शुभ कार्य शुरू हो जाएंगे।

  • जनवरी में 29 तारीख
  • फरवरी में 5, 6, 8, 15, 19, 20, 22, 25, 26
  • मार्च में 2, 4, 9, 11, 13 जैसे कई शुभ मुहूर्त मिलेंगे।
Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article