अजगर वजाहत ने एक बड़ी कमाल की बात कही थी- जिन्ने लाहौर नई वेख्या, ओ जाम्या ए नई। मतलब कि जिसने लाहौर नई देखा समझ लो वो पैदा ही नहीं हुआ। वाकई में लाहौर अपने अंदर ना जाने कितनी ही संस्कृतियां और किस्से कहानियां समेटे हुए है। लाहौर की गलियों से निकले कई किस्से आज भी लोगों को हैरान करने पर मजबूर कर देते हैं। ऐसा ही एक किस्सा है उस शख्स का जिसके बारे में कहा जाता था कि आधा लाहौर उसका कर्जदार था।
जी हां पुराने लाहौर की गलियों में एक ऐसा नाम था, जिसे सुनकर बड़े-बड़े जमींदार भी संभलकर बात करते थे। नाम था बुलाकी शाह। वैसे तो उनका असली नाम बुलाकी मल था लेकिन लोगों के बीच वह बुलाकी शाह के नाम से ही जाने जाते थे। वे ब्याज पर पैसा देते थे और अपने समय में लाहौर के सबसे बड़े साहूकारों में गिने जाते थे। कहा जाता है कि उनके बहीखातों में अंग्रेजों से लेकर शहर के बड़े जमींदारोंऔर आम परिवारों तक के नाम दर्ज थे।
गुमटी बाजार में खड़ी थी बुलाकी शाह की हवेली
लाहौर के पुराने इलाके में गुमटी बाजार है। इसी इलाके में बुलाकी शाह की एक भव्य इमारत हुआ करती थी। इसके बाहर कभी अंग्रेजी में लिखा रहता था - बुलाकी मल एंड सन बैंकर्स, लाहौर। यह इमारत 1929 में पूरी हुई थी। चार मंजिल की इस इमारत को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बुलाकी शाह की हैसियत क्या रही होगी।

बुलाकी शाह की हवेली (Photo: Saad Aurangzeb/fb)
लेखक मुस्तसिर हुसैन तारड़ ने अपनी किताब लाहौर आवारगी में इस इमारत की सजावट और वास्तुशिल्प की तारीफ की है। किसी जमाने में कर्जदारों से गुलजार रहने वाली वही हवेली आज किसी बेवा सी वीरान नजर आती है। इमारत किसी काफी जर्जर हालत में है और उसके आसपास का इलाका भी बदल चुका है। आलम ये है कि इस हवेली के पास रहने वाले ज्यादातर वाशिंदों को भी बुलाकी शाह की कहानी नहीं पता है।
मशहूर है बुलाकी शाह के कई किस्से
बुलाकी शाह की सख्ती और समझदारी का एक मशहूर किस्सा टबी बाजार से जुड़ा है। जब उन्हें पता चला कि उनका बेटा वहां जाने लगा है, तो एक रात वे खुद भी वहां पहुंच गए। बेटा नाचनेवालियों पर जितना पैसा लुटाता, बुलाकी शाह तुरंत उससे दोगुना खर्च कर देते। धीरे-धीरे बेटे को समझ आ गया कि वहां लोगों को उससे नहीं, बस उसके पैसे से मतलब है।
इसके बाद बेटे ने टबी बाजार जाना बंद कर दिया। नुकसान होने पर वहां के लोगों ने प्रतिनिधिमंडल भेजकर बेटे को दोबारा भेजने की मिन्नत की, लेकिन बुलाकी शाह ने साफ मना कर दिया और लौटाया गया पैसा भी नहीं लिया।

मशहूर हैं बुलाकी शाह के कई किस्से (AI Generated Image)
बड़े जमींदार भी उनके सामने कर्जदार थे
बुलाकी शाह के बहीखाते उनकी असली ताकत थे। पुराने लाहौर की यादों में दर्ज किस्सों के मुताबिक, उनके रजिस्टरों में बड़े-बड़े जमींदारों के अंगूठे और दस्तखत मौजूद थे। मुनीर अहमद मुनीर की किताब मिटता हुआ लाहौर में मोची दरवाजा निवासी हाफिज मेराजुद्दीन के हवाले से बुलाकी शाह के कर्ज देने के तरीके का जिक्र मिलता है।
बताया गया है कि अगर कोई 100 रुपये का कर्ज लेता था तो शुरुआती ब्याज पहले ही काट लिया जाता था। यानी कर्जदार के हाथ में पूरी रकम पहुंचने से पहले ही ब्याज का हिसाब शुरू हो जाता था। यही वजह थी कि बुलाकी शाह से पैसा लेना आसान जरूर था, लेकिन उससे निकलना हमेशा आसान नहीं होता था।
महिलाओं के लिए अलग जगह थी
बुलाकी शाह के यहां महिलाएं भी जरूरत पड़ने पर कर्ज लेने आती थीं। पुराने संस्मरणों में बताया गया है कि उनके लिए अलग जगह रखी गई थी, जहां उन्हें बैठाकर उनकी जरूरत पूछी जाती थी। शादी या किसी पारिवारिक आयोजन के लिए पैसे चाहिए हों तो वे यहां आती थीं। अगर कोई गहने गिरवी रख देता तो बुलाकी शाह निश्चिंत होकर रकम दे देते थे। यही कारण था कि वे साहूकारों में एक मिसाल बन गए थे।
बुलाकी शाह से लोग डरते भी थे
पाकिस्तानी लेखक दानिश्वर अब्दुल्ला मलिक ने पुरानी महफिलें याद आ रही हैं में अपने परिवार के बुलाकी शाह से कर्ज लेने का जिक्र किया है। उन्होंने एक बचपन का किस्सा लिखा कि उनके दादा उन्हें गुमटी बाजार से लेकर गुजर रहे थे। अचानक उन्होंने कहा- बुलाकी शाह को सलाम करो। बच्चे के मन में बुलाकी शाह का ऐसा डर बैठा था कि वह उन्हें देखते ही सहम गया। किस्से के मुताबिक, बुलाकी शाह ने बच्चे को देखा और मुस्कुराते हुए दुआ दी। यह छोटा-सा किस्सा बताता है कि बुलाकी शाह सिर्फ पैसों की वजह से ताकतवर नहीं थे। उनका नाम ही एक तरह की सामाजिक ताकत बन चुका था।

लोग भूलने लगे हैं बुलाकी शाह का नाम (AI Image)
इकबाल के दोस्त की जमीन भी गिरवी थी
बुलाकी शाह के कर्जदारों की सूची में सिर्फ आम लोग नहीं थे। द पाकिस्तान रिव्यू के 1971 के एक अंक में प्रकाशित संस्मरण के मुताबिक, फारसी कवि और अल्लामा इकबाल के दोस्त हाजी अहमद बख्श की 65 कनाल जमीन भी बुलाकी शाह के पास 20 हजार रुपये के बदले गिरवी थी। बताया गया है कि परिवार की आर्थिक हालत देखकर इकबाल ने उन्हें जमीन बेचने के बजाय कर्ज चुकाने के दूसरे रास्ते तलाशने की सलाह दी थी।
यह किस्सा उस दौर की आर्थिक हकीकत की एक झलक देता है। जमीन सिर्फ खेती का साधन नहीं थी। वह परिवार की सबसे बड़ी आर्थिक सुरक्षा थी। और जब वही जमीन गिरवी पड़ जाए तो साहूकार की ताकत समझी जा सकती है।
अदालत तक पहुंचा था मामला
बुलाकी शाह के कारोबार में सब कुछ हमेशा उनकी मर्जी से नहीं चलता था। उनके कुछ कर्जदारों के साथ विवाद अदालत तक भी पहुंचे। 1901 के एक अदालती मामले में रेलवे के यूरोपीय अधिकारी टी. जी. एकर्स का मामला सामने आया। एकर्स ने बुलाकी शाह से कर्ज लिया था और ब्याज की दर को लेकर विवाद हुआ। मामला आखिर लाहौर हाई कोर्ट तक पहुंचा, जहां अदालत ने अनुबंध की शर्तों को देखते हुए बुलाकी शाह के पक्ष में फैसला दिया और रकम चुकाने का आदेश दिया।
1914 में भी बुलाकी शाह से जुड़ा एक मामला सामने आया, जिसमें गिरवी रखी संपत्ति पर कब्जे का विवाद था। यानी उनका कारोबार इतना बड़ा था कि उसके विवाद ब्रिटिश दौर की अदालतों तक पहुंचते थे।
फिर एक दिन वही बहीखाते इतिहास बन गए
बुलाकी शाह की पूरी कहानी 1947 में बदल गई। भारत-पाकिस्तान विभाजन ने लाहौर का सामाजिक और आर्थिक नक्शा बदल दिया। बुलाकी शाह का परिवार भी लाहौर छोड़ने पर मजबूर हुआ। उनके कर्जदार पीछे रह गए और वे बहीखाते भी, जिनमें वर्षों से लोगों के कर्ज दर्ज थे।
कहा जाता है कि दंगों के दौरान कर्जदारों के रजिस्टरों के पन्ने फाड़कर नालियों में फेंके गए। कहा ये भी जाता है कि भारत आने के बाद बुलाकी शाह ने खुद अपने बहीखाते फाड़ दिए और कहा कि वे लोगों के सारे कर्ज को माफ करते हैं। इन दोनों बातों में अंतर जरूर है, लेकिन दोनों किस्से एक ही बात की ओर इशारा करते हैं कि बंटवारे ने बुलाकी शाह की आर्थिक दुनिया को खत्म कर दिया।
जिस आदमी के बहीखाते में कभी लाहौर के बड़े-बड़े नाम दर्ज होते थे, उसकी अपनी कहानी आखिरकार लाहौर की एक पुरानी इमारत तक सिमट गई। आज गुमटी बाजार में बुलाकी शाह की हवेली मौजूद है, लेकिन उसकी पुरानी चमक नहीं। आसपास की दुनिया बदल चुकी है। बहुत से लोग शायद यह भी नहीं जानते कि कभी इसी इमारत से ऐसा साहूकार कारोबार करता था, जिसके बारे में कहा जाता था कि आधा लाहौर उसका कर्जदार था।
बुलाकी शाह की कहानी इसलिए दिलचस्प है क्योंकि यह उस दौर का आईना है, जब बैंक कम थे, जरूरतें बड़ी थीं और पैसे की ताकत किसी आदमी को शहर के सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल कर सकती थी। और फिर एक दिन इतिहास ने करवट ली। शहर बचा रहा, हवेली बची रही, लेकिन उसके बहीखातों में दर्ज वह दुनिया हमेशा के लिए खत्म हो गई।
