स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के 2018 के सैंडपेपर स्कैंडल को लेकर बढ़ते जुबानी विवाद के बीच डेविड वॉर्नर के मैनेजर जेम्स अर्सकिन ने इसे सुलझाने के लिए 'सिर्फ खिलाड़ियों की' एक बैठक का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने इसमें शामिल लोगों से अपील की है कि वे बंद दरवाजों के पीछे अपने मतभेदों को सुलझा लें।
इसे धोखेबाजों के बीच बेईमानी (dishonour among cheats) का मामला बताते हुए, अर्सकिन ने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों को खुद ही इस कड़वे आरोप-प्रत्यारोप के दौर को खत्म करने का कोई रास्ता निकालना होगा। अर्सकिन ने 'कोड स्पोर्ट्स' (CODE Sports) से कहा, मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को इसे खुद ही सुलझाना होगा।
'धोखेबाजों के बीच बेईमानी'
उन्होंने आगे कहा, अभी तो यह 'धोखेबाजों के बीच बेईमानी' जैसा है, जबकि असल में यह 'धोखेबाजों के बीच ईमानदारी' (honour among cheats) होनी चाहिए। उनमें से किसी ने भी सही काम नहीं किया। लेकिन अंत में, वे कोई बुरे इंसान नहीं हैं। वे सभी अच्छे लोग हैं।
अर्सकिन ने पैट कमिंस, डेविड वॉर्नर और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम से आग्रह किया कि वे मैनेजरों या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों के बिना आपस में निजी तौर पर मिलें। एक-दूसरे से माफी मांगें और गलतफहमियां दूर करें। उनका मानना है कि उन्हें बंद दरवाजों के पीछे अपने मतभेदों को सुलझा लेना चाहिए और एकजुट होकर सामने आना चाहिए, ताकि सैंडपेपर स्कैंडल का विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाए।
बंद दरवाजे के पीछे हो बातचीत
उन्होंने कहा, मेरा सुझाव है कि कमिंस, वॉर्नर और पूरी टीम मैनेजरों और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बिना एक साथ बैठें। वे एक कमरे में बैठकर एक-दूसरे से माफी मांगें और स्पष्ट करें कि उन्होंने जो कुछ भी किया, वह किसी दुर्भावना से नहीं किया था और न ही किसी को जानबूझकर फंसाने (throw under the bus) के इरादे से किया था। उन्हें आपस में खुलकर बात करनी चाहिए। बात यह है कि ऐसा करने के बाद- भले ही कुछ लोग किसी बात को लेकर नाराज हों- वे उस कमरे से एकजुट होकर बाहर निकलें।
2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद ने तब फिर से तूल पकड़ लिया, जब ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) में दक्षिण अफ्रीका में हुए इस कांड के बारे में कई खुलासे किए। किताब में ख्वाजा ने दावा किया कि टीम के सभी सदस्यों को सैंडपेपर (रेगमाल) के इस्तेमाल के बारे में पता था।
बाद में, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिंस ने ख्वाजा के दावों को 'पूरी तरह बकवास' बताकर खारिज कर दिया। कमिंस की इस टिप्पणी के बाद, कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने बुधवार को 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' अखबार में एक लेख लिखकर इस विवाद को और हवा दे दी। अपने लेख में बैनक्रॉफ्ट ने बॉलिंग ग्रुप के उस दावे को चुनौती दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
यह भी पढ़ें- 149 साल के इतिहास में पहली बार...
