बिजनेस

कौन हैं विद्या परशुरामकर? बाजरे के आटे पर अनोखे रिसर्च ने दिलाई 'टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया 2026' की लिस्ट में जगह

Vidhya Parshuramkar: IIT खड़गपुर की पूर्व छात्रा विद्या परशुरामकर को बाजरे के आटे की उम्र 10 दिनों से 6 महीने तक बढ़ाने और 4 लाख बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए 'टाइम 100 नेक्स्ट 2026' में चुना गया।

Image

IIT खड़गपुर की पूर्व छात्रा विद्या परशुरामकर ने बाजरे के आटे की बढ़ाई उम्र (तस्वीर - istock/linkedin)

Vidhya Parshuramkar : महाराष्ट्र की रहने वाली फूड टेक्नोलॉजिस्ट और सोशल एंटरप्रेन्योर विद्या परशुरामकर ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। बाजरे (पर्ल मिलेट) के आटे की शेल्फ लाइफ यानी उसके खराब न होने की समय-सीमा को 10 दिनों से बढ़ाकर 6 महीने करने की अनोखी तकनीक विकसित करने के लिए उन्हें प्रतिष्ठित 'टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया 2026' (TIME's 100 Next India 2026) की लिस्ट में शामिल किया गया है। आईआईटी (IIT) खड़गपुर से पढ़ाई करने वाली विद्या को यह सम्मान ग्रामीण इलाकों के स्कूली बच्चों में पोषण की कमी को दूर करने के उनके सराहनीय प्रयासों के लिए मिला है।

बिना केमिकल 6 महीने तक ताजा रहेगा बाजरे का आटा

19 नवंबर को टाइम मैगजीन द्वारा प्रकाशित एक प्रोफाइल में विद्या के इस खास आविष्कार की जमकर तारीफ की गई है। आमतौर पर बाजरे का आटा पिसने के कुछ ही दिनों बाद कड़वा होने लगता है और जल्दी खराब हो जाता है। लेकिन विद्या ने एक ऐसी तकनीक तैयार की है, जिससे बिना किसी प्रिजर्वेटिव (केमिकल) का इस्तेमाल किए और आटे के आयरन तत्वों को नुकसान पहुंचाए बिना इसे छह महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यह तकनीक आम घरों के साथ-साथ खाद्य उद्योग के लिए भी बेहद क्रांतिकारी साबित हो रही है।

खुद एनीमिया से जूझीं, तो निकाला सस्ते पोषण का हल

विद्या परशुरामकर की इस सफलता के पीछे उनका खुद का संघर्ष और निजी अनुभव छिपा है। नवंबर 2025 में 'सिविल सोसाइटी मैगजीन' में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, विद्या खुद आयरन की कमी यानी एनीमिया (खून की कमी) से जूझ चुकी हैं। जब वे आईआईटी खड़गपुर से फूड टेक्नोलॉजी में एम.टेक (M.Tech) की पढ़ाई कर रही थीं, तभी उन्होंने ऐसे सस्ते और देसी खाद्य पदार्थों पर शोध करना शुरू किया जो आयरन से भरपूर हों। अपनी इस खोज के दौरान उनका ध्यान पारंपरिक भारतीय अनाज 'बाजरा' की ओर गया, जो पोषक तत्वों का खजाना है।

एक इंटर्नशिप से बदली तस्वीर, बनीं कंपनी की को-फाउंडर

बाजरा पोषण से भरपूर होने के बावजूद बाजार में आटे के रूप में ज्यादा दिन टिक नहीं पाता था, क्योंकि इसमें मौजूद प्राकृतिक फैट और 'लाइपेज' (Lipase) नाम के एंजाइम की वजह से यह 10 दिनों में ही खराब होने लगता था। पुणे स्थित कंपनी 'एग्रोजी ऑर्गेनिक्स' (Agrozee Organics) में इंटर्नशिप के दौरान विद्या ने इस समस्या का समाधान ढूंढ निकाला। उन्होंने आटे में मौजूद लाइपेज एंजाइम को निष्क्रिय करने की तकनीक विकसित की, जिससे आटे की उम्र सीधे 6 महीने हो गई। उनकी इस बड़ी कामयाबी के बाद वे इसी कंपनी की सह-संस्थापक (को-फाउंडर) बन गईं।

4 लाख बच्चों तक पहुंचा रही हैं पौष्टिक आहार

वर्तमान में विद्या परशुरामकर 'एग्रोजी ऑर्गेनिक्स' और इसके प्रमुख अभियान 'मिलेट्स नाउ' (Millets Now) का नेतृत्व कर रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बाजरे से बने पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आसानी से उपलब्ध कराना है। टाइम मैगजीन के मुताबिक, उनकी इस मुहिम के जरिए देश के कई ग्रामीण हिस्सों में 4 लाख से ज्यादा स्कूली बच्चों को बाजरे से बने फूड बॉक्स दिए जा रहे हैं। कंपनी अपने 'न्यूट्री डब्बा' कार्यक्रम के तहत बच्चों को कुकीज, न्यूट्रिशन बार, लड्डू, खाखरा और तुरंत बनने वाली खिचड़ी जैसे स्वादिष्ट व पौष्टिक उत्पाद बांटती है।

किसानों और महिलाओं को भी बना रही हैं आत्मनिर्भर

विद्या का काम सिर्फ बच्चों के पोषण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी जुटी हैं। उनका उद्यम करीब 7,000 छोटे किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर काम करता है। इससे स्थानीय किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिल रहा है और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे उनके परिवारों की आजीविका में बड़ा सुधार आया है।

किसान की बेटी होने पर गर्व, पहले भी मिल चुका है बड़ा सम्मान

'टाइम 100 नेक्स्ट' की लिस्ट में जगह बनाने से पहले भी विद्या को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। साल 2025 में ग्रामीण विकास में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित 'रोहिणी नैय्यर पुरस्कार' से नवाजा गया था। आईआईटी खड़गपुर एलुमनाई फाउंडेशन के अनुसार, वे यह पुरस्कार पाने वाली पहली महिला थीं। सम्मान स्वीकार करते समय विद्या ने भावुक होते हुए कहा था कि वे एक किसान की बेटी हैं और खुद एनीमिया की शिकार रही हैं, इसलिए वे इस दर्द को समझती हैं। फूड टेक्नोलॉजी, पोषण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विद्या का यह योगदान आज लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article