शहर

शादियों का सीजन और जाम का टेंशन! दिल्ली की इन सड़कों पर आज बढ़ेगी परेशानी, ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट

दिल्ली में आज 22 शादी समारोहों के चलते 10 हजार से ज्यादा मेहमानों और करीब 4,500 अतिरिक्त वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने की सलाह दी है।

Image

शादी समारोहों के चलते दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका (सांकेतिक फोटो)

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में शादियों का सीजन शुरू होते ही सड़कों पर जाम की समस्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। अगर आप रविवार को दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का अपडेट जरूर देख लें। आज अकेले दक्षिण दिल्ली में ही कम से कम 22 शादी समारोह आयोजित होने हैं, जिनमें 10 हजार से ज्यादा मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है। इनके साथ करीब 4,500 अतिरिक्त वाहन भी सड़कों पर उतरेंगे। ऐसे में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की आशंका है। जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। साथ ही लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

इन सड़कों पर बढ़ सकती है ट्रैफिक की परेशानी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रविवार को दक्षिण दिल्ली में शादी समारोह SSN मार्ग (भाटी माइंस रोड), बांध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड पर आयोजित होंगे। इन समारोहों के चलते एसएसएन मार्ग, 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर जाम लगने की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस ने इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इसके बावजूद समारोहों में आने वाले मेहमानों और अतिरिक्त वाहनों के कारण यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे संभव हो तो प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें। इन इलाकों में आवाजाही के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि समय और ईंधन दोनों की बचत हो सके। लोगों से अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और रास्तों में बदलाव से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखने को भी कहा गया है।

शादी में आने वाले मेहमानों के लिए भी एडवाइजरी

ट्रैफिक पुलिस ने शादी समारोहों में शामिल होने वाले मेहमानों से अपने वाहन तय किए गए पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है। सड़क किनारे गाड़ियां पार्क करने से बचने को कहा गया है। यातायात से जुड़ी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और आपातकालीन स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

शनिवार को भी कई इलाकों में लगा रहा जाम

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। बारातों, वाहनों की भारी आवाजाही और शाम के व्यस्त समय के कारण कई सड़कों पर लंबा जाम लगा। दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में स्थिति ज्यादा खराब रही। बारातों के साथ चल रहे बैंड-बाजे, ऑर्केस्ट्रा और आतिशबाजी के कारण भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को घंटों देरी का सामना करना पड़ा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article