उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बुलंदशहर में तीन साल की मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिवार ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तलाशी शुरू की। कुछ ही देर में बच्ची का शव पास के एक किराए के कमरे में मिला। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
बुलंदशहर के SSP दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, दिन में पुलिस को सूचना मिली थी कि घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची लापता हो गई है। शुरुआत में परिवार के लोगों ने आसपास उसकी तलाश की। बच्ची का पता नहीं चलने पर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें पता चला कि बच्ची ज्यादा दूर नहीं गई थी। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आसपास के घरों और कमरों की तलाशी शुरू की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गुजरात में ट्रेलर से टकराई पर्यटकों की कार, 7 की मौत
किराए के कमरे में मिला बच्ची का शव
तलाशी के दौरान पुलिस को एक महिला के किराए के कमरे पर शक हुआ। बताया गया कि महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर रखा था और वह वहां से गायब थी। पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो अंदर बच्ची का शव मिला। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। SSP के अनुसार, कमरे की स्थिति देखकर वहां तंत्र-मंत्र या किसी तरह की अनुष्ठान संबंधी गतिविधियां होने की आशंका जताई गई है। शुरुआती जानकारी में महिला के ऐसी गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि बच्ची की हत्या इन गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, हत्या की असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
महिला हिरासत में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस (Police) ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची के शव को जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची की हत्या कैसे और किन परिस्थितियों में की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।
