सिंह राशि वालों की किस्मत चमका देती है इस धातु की अंगूठी, लेकिन इन राशियों के लोग इसे धारण करने से बचें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 31, 2022, 01:10 PM IST

Benefits of Gold Ring: भारतीय समाज में स्त्री से लेकर पुरुष हर किसी को सोना पहनना पसंद होता है। कुछ लोगों के लिए सोना पहनना लकी होता है तो कुछ के लिए यह अशुभ भी होता है। इसलिए इस धातु को पहनने से पहले जान लें कि क्या आपकी राशि के अनुसार सोने की अंगूठी पहनना शुभ होगा या नहीं।

सिंह राशि वालों की किस्मत चमका देती है इस धातु की अंगूठी, लेकिन इन राशियों के लोग इसे धारण करने से बचें

Gold Ring Benefits: सोने के आभूषण स्त्री और पुरुष दोनों ही पहनते हैं। क्योंकि सोने की चमक हर किसी को लुभाती है। कई धार्मिक कार्य, शादी-ब्याह, मुंडन, अन्न संस्कार, जनेऊ संस्कार, लेन-देन जैसे मौके पर भी सोने का महत्व काफी बढ़ जाता है। मंदिर में देवी-देवताओं को भी सोने की धातु के आभूषणों से सजाया जाता है। यही कारण है कि भारतीय समाज में सोना का विशेष महत्व होता है। इंसान चाहे कितना भी कम जेवर पहनने का शौक रखता हो लेकिन वो कम से कम सोने की अंगूठी जरूर पहनता है। लेकिन सोना हर किसी के लिए सुहाना नहीं होता। सोने की अंगूठी पहनने से किसी की किस्मत चमक जाती है तो वहीं कुछ लोगों के लिए सोना शुभ नहीं माना जाता।

ज्योतिष के अनुसार, सिंह राशि वाले लोगों के लिए सोने की अंगूठी पहनना बेहद शुभ होता है तो वहीं कुछ राशि वाले जातकों के लिए यह शुभ फल देने वाला नहीं होता। इसलिए सोने की अंगूठी पहनने से पहले जान लें कि इसके क्या फायदे और नुकसान हैं। साथ ही जानते हैं कि किन राशि वाले लोगों को सोना या सोने की अंगूठी पहनना चाहिए और किन्हें नहीं..

सिंह राशि वाले जातकों के लिए बेहद शुभ है सोने की अंगूठी

सिंह राशि वाले जातकों के लिए सोने की अंगूठी पहनना बेहद शुभ होता है और इससे भाग्योदय होता है। इसलिए सिंह राशि के लोगों को सोने की अंगूठी जरूर पहननी चाहिए। सिंह अग्नि तत्व की राशि होती है और इस राशि के स्वामी सूर्य हैं। सूर्यदेव का स्वर्ण यानी सोने के कारक गुरु ग्रह से मित्रता का संबंध है। इसलिए इस धातु की अंगूठी धारण करने से सिंह राशि के लोगों को खूब फायदा मिलता है। नौकरी व व्यवसाय में लाभ होता है और माता-पिता से स्नेह मिलता है। शादीशुदा लोगों के जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे होते हैं। बता दें कि सिंह के साथ ही कन्या, तुला और धनु राशि वाले जातकों के लिए भी सोने की अंगूठी पहनना शुभ होता है।

सोना पहनते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

  • सोने की अंगूठी हमेशा दाईं हाथ की ऊंगली में ही पहननी चाहिए। कभी भी बाईं हाथ की ऊंगली में सोने की अंगूठी ना पहनें।
  • पैर में कभी भी पायल या बिछिया जैसे आभूषण सोने के ना पहनें। पैर में आप चांदी के आभूषण पहन सकते हैं। पैर से लेकर कमर के किसी अंग में सोना नहीं पहनना चाहिए।
  • कुछ महिलाएं तकिए के सिरहाने सोने के जेवर उतार कर सोती हैं। लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए।
  • सोने की धातु का संबंध गुरु ग्रह बृहस्पति से होता है। इसलिए मान्यता के अनुसार इसे धारण करने के बाद शराब और मासांहारी भोजन भी नहीं करना चाहिए।
  • लोहा या कोयला से जुड़ा व्यापार करने वाले लोगों को भी सोना नहीं पहनना चाहिए। इस व्यापार का संबंध शनिदेव से होता है और सोना का संबंध सूर्य ग्रह से होता है। सूर्य और शनि शत्रु माने जाते हैं। इसलिए अगर आप सोने का आभूषण पहनते हैं तो आपको बिजनेस में घाटा हो सकता है।

इन राशि के जातक भूलकर भी ना पहनें सोने की अंगूठी

 जैसा कि हमने कहा, सोना सभी के लिए सुहाना नहीं होता है। वश्चिक, मीन और कर्क राशि के लिए सोने की अंगूठी पहनना शुभ नहीं माना जाता है। इसे धारण करने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है। क्योंकि इन राशियों का सूर्य ग्रह के साथ शत्रुता जैसा भाव होता है। इसलिए सोना से इन्हें शुभ फल की प्राप्ति नहीं होती। ऐसे में आपको सोने से दूर ही रहना चाहिए। फिर भी यदि आप सोना पहनना चाहते हैं तो सोच समझकर और ज्योतिष की सलाह से ही सोना धारण करें।

(डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।)

End of Article