16 Somwar Aur Sawan Somwar Vrat Mai Antar: हिंदू धर्म में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। उन्हें शक्ति, संहार, चेतना, योग, कल्याण और परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है। वैसे तो किसी भी दिन भगवान शिव की पूजा की जा सकती है, लेकिन सोमवार और सावन का महीना उनकी आराधना के लिए विशेष होता है। दरअसल, सोमवार का दिन और सावन का पूरा महीना भगवान शिव को समर्पित है। इसलिए सावन में आने वाले प्रत्येक सोमवार को महादेव की उपासना के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना गया है।
हालांकि, कुछ श्रद्धालु 16 सोमवार का व्रत भी रखते हैं, जो सावन सोमवार के व्रत से अलग होता है। आज यहां पर आप 16 सोमवार और सावन सोमवार के बीच का अंतर, महत्व तथा उनसे जुड़े नियमों के बारे में जानेंगे।
सावन सोमवार व्रत का महत्व
सावन सोमवार का व्रत केवल सावन के महीने में रखा जाता है। ये व्रत सावन के महीने में शुरू होते हैं और समापन भी इसी महीने में करना जरूरी होता है। इस दौरान व्रत रखने के साथ-साथ भगवान शिव की कृपा पाने के लिए पूजा की जाती है। ये व्रत आमतौर पर किसी विशेष उद्देश्य से नहीं, बल्कि शिव जी को खुश करने के लिए रखे जाते हैं। बता दें कि भगवान शिव को समर्पित सावन का पवित्र महीना इस समय चल रहा है, जिसका समापन 28 अगस्त 2026 को होगा। वहीं, 30 जुलाई से सावन की शुरुआत हुई थी।
16 सोमवार व्रत का महत्व
16 सोमवार के व्रत लगातार 16 सप्ताह (सोमवार) तक रखे जाते हैं। इन व्रतों को आप सावन, कार्तिक, ज्येष्ठ, वैशाख, मार्गशीर्ष या किसी भी महीने के शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से आरंभ कर सकते हैं। आमतौर पर अविवाहित लोग योग्य जीवनसाथी पाने के लिए और विवाहित लोग प्रेम जीवन में चल रही दिक्कतों को दूर करने के लिए 16 सोमवार के व्रत रखते हैं।
सावन सोमवार व्रत के नियम
जो लोग सावन सोमवार का व्रत रखते हैं, उन्हें सुबह और शाम दोनों समय शिव जी की पूजा करनी होती है। हालांकि, व्रत का संकल्प लेने के बाद ही पूजा आरंभ की जाती है। इसमें शिव जी और शिवलिंग पर पूजा सामग्री अर्पित करनी जरूरी होती है। व्रत के दौरान मन के साथ-साथ तन को भी शुद्ध रखना जरूरी होता है। दोपहर के समय सोने के बजाय भगवान का ध्यान किया जाता है। व्रत का पारण करने से पहले अपनी क्षमता के अनुसार दान करना जरूरी होता है।
16 सोमवार व्रत के नियम
16 सोमवार व्रत की शुरुआत पहले सोमवार को सुबह शिव जी की पूजा और व्रत के संकल्प के साथ होती है। जिस समय पहले सोमवार को पूजा की जाती है, उसके बाद आने वाले सोमवार को भी उसी वक्त पूजा करनी होती है। पूजा के दौरान शिव मंत्र, चालीसा, आरती और 16 सोमवार व्रत की कथा पढ़नी जरूरी होती है। साथ ही 16 हफ्तों तक ब्रह्मचर्य का पालन किया जाता है।
बता दें कि इस व्रत में शिव जी को चूरमे के तीन लड्डूओं का भोग लगाया जाता है, जिसके तीन हिस्से करने जरूरी होते हैं। पहला हिस्सा गाय को खिलाया जाता है, दूसरा लोगों में बांटा जाता है और तीसरा हिस्सा व्रती स्वयं ग्रहण करता है।
