Taj Mahal Near Hotel Bomb Alert: विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल के पास स्थित एक प्रमुख होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां बम होने का एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। बृहस्पतिवार शाम को आई इस खबर के बाद पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गईं और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीटीआई के मुताबिक ताज महल के पूर्वी गेट के पास बने 'ताज रिसॉर्ट होटल' की आधिकारिक ईमेल आईडी पर शाम करीब 5 बजे एक संदेश आया।
ईमेल में दावा किया गया था कि होटल परिसर के भीतर बम रखा गया है। धमकी मिलते ही होटल प्रबंधन ने बिना कोई देरी किए तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा) यतेंद्र सिंह नगर के नेतृत्व में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने पूरे होटल को अपने कब्जे में लेकर खाली कराया और सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 15 साल से फरार... 2 करोड़ से ज्यादा का इनामी माओवादी असीम मंडल गिरफ्तार, CM सुवेंदु बोले- 'लाल आतंक' की वापसी नहीं होने देंगे
पुलिस ने कई घंटों तक ली तलाशी
सुरक्षाकर्मियों ने होटल के कोने-कोने, सभी कमरों, लॉबी और पार्किंग एरिया की कई घंटों तक गहन तलाशी ली। एसीपी यतेंद्र सिंह नगर ने बताया कि पूरे परिसर की बारीकी से जांच करने के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली है, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
जल्द ही आरोपियों की होगी गिरफ्तारी-पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल प्रबंधन की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही, किस ईमेल आईडी से यह फर्जी या धमकी भरा मैसेज भेजा गया था, उसकी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
