Sonam Wangchuk Padyatra: जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने लद्दाख में राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग को लेकर 23 सितंबर को सांकेतिक पदयात्रा करेंगे। यह पदयात्रा 20 किलोमीटर लंबी होगी।
पदयात्रा कार्यक्रम में बदलाव
सोनम वांगचुक ने 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश शेयर करते हुए कहा, ''लद्दाख पदयात्रा मार्च। मौजूदा मौसम और रात के समय बढ़ती ठंड को देखते हुए 23 सितंबर को 20 किलोमीटर लंबी सांकेतिक पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा के बाद 24 सितंबर को शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।''
उन्होंने आगे कहा कि कार्यक्रम में बदलाव से होने वाली असुविधा के लिए उन्हें खेद है। उन्होंने लोगों से पदयात्रा में शामिल होने और साथ मिलकर मार्च करने की अपील करते हुए कहा कि वह भी इसमें शामिल होकर लोगों के साथ मार्च करने के लिए उत्सुक हैं।
चार दिवसीय पदयात्रा स्थगित
सोनम वांगचुक ने वीडियो संदेश में कहा कि दोस्तों यह एक जरूरी सूचना है। मैंने लद्दाख की संस्कृति, पर्यावरण और लोकतंत्र के संरक्षण के समर्थन के लिए आयोजित जिस पदयात्रा मार्च के बारे में आप लोगों के बारे में बताया था वो 19 से 23 तारीख तक चलने वाला था, लेकिन खराब मौसम, बढ़ती ठंड और गरमाते राजनीतिक माहौल को ध्यान में रखते हुए फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
वीडियो संदेश के मुताबिक, सोनम वांगचुक ने कहा कि हम स्थगित किए गए कार्यक्रम की जगह अब 23 तारीख को लेह की तरफ 20 किलोमीटर की एक दिन की सांकेतिक पदयात्रा करने जा रहे हैं। इसके बाद 24 सितंबर को उन शहीदों की याद में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिन्होंने लद्दाख के पर्यावरण और संस्कृति की रक्षा व संरक्षण के लिए अपनी जान दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'CEC ने देर रात PM मोदी को दिया बर्थडे गिफ्ट', AITC का नाम-चिह्न फ्रीज होने पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को घेरा
वांगचुक ने की खास अपील
इस दौरान, सोनम वांगचुक ने पदयात्रा में शामिल होने वालों से कहा कि अगर आप पहले ही पदयात्रा में शामिल होने के लिए निकल चुके हैं, तो 19 तारीख को आकर लद्दाख की सैर करिएगा। वहीं, जो लोग अभी नहीं निकले हैं वो 22 सितंबर को यहां पहुंचे ताकि 23 सितंबर के 20 किमी मार्च और 24 सितंबर के शहीद दिवस कार्यक्रम में शामिल हो सकें। बहुत-बहुत धन्यवाद। जय हिंद।
