क्राइम

गला घोंटा, शव सड़क पर फेंका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश! मंदसौर हत्याकांड में अपनों की साजिश बेनकाब

Mandsaur News: मंदसौर के मदारपुरा में मकान बेचने से मिलने वाली रकम के विवाद ने एक परिवार में खौफनाक मोड़ ले लिया। ईस्माईल उर्फ भुरा की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने उसके भाई और पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि साला फरार है। पुलिस ने महज 24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए कथित साजिश की परतें खोल दीं।

Image

मंदसौर में रिश्तों का खूनी खेल!

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mandsaur News: मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मकान बेचकर मिलने वाली रकम के लालच में रिश्तों की सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं। जिस भाई और पत्नी के साथ ईस्माईल उर्फ भुरा ने जिंदगी बिताई, उसी परिवार के लोगों पर उसकी हत्या की साजिश रचने का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मकान की रकम को लेकर चल रहे विवाद और पारिवारिक कलह ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि ईस्माईल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस पूरे हत्याकांड में मृतक के भाई, पत्नी और साले की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने मृतक के भाई और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार साले की तलाश जारी है। हत्या के बाद शव को खिलचीपुरा रोड पर फेंक दिया गया था, ताकि वारदात का सुराग मिटाया जा सके। लेकिन पुलिस की जांच ने इस कथित साजिश की परतें खोल दीं और 24 घंटे के अंदर अंधे कत्ल का खुलासा हो गया।

रोड पर फेंका गया शव

मंदसौर के मदारपुरा में सामने आई इस वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस के अनुसार, ईस्माईल उर्फ भुरा की गला घोंटकर हत्या की गई और इसके बाद शव को खिलचीपुरा रोड पर फेंक दिया गया। आरोपियों की मंशा वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने की थी। मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब सामने आया, जब मृतक का भाई खुद फरियादी बनकर थाने पहुंचा और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने लगा। लेकिन पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना शुरू किया, तो जांच की दिशा बदल गई। पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस ने हत्या के पीछे की साजिश का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, मकान बेचकर मिलने वाली रकम को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।

भाई, पत्नी और साले ने मिलकर रची हत्या की साजिश

इसी विवाद के चलते मृतक के भाई, पत्नी और साले ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाई और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साले की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। एक मकान, कुछ पैसों का लालच और अपनों के बीच ऐसा विवाद, जिसका अंत एक व्यक्ति की मौत के रूप में हुआ। मंदसौर के इस हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पैसों की खातिर रिश्तों की अहमियत इतनी पीछे कैसे छूट गई? जिस भाई ने खुद फरियादी बनकर पुलिस के सामने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की, उसी की भूमिका इस मामले में सामने आना जांच का सबसे अहम पहलू बन गया है। फिलहाल, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अब पुलिस की आगे की जांच में हत्या की पूरी साजिश और वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article