Space x Mission: 2 अगस्त तक पूरा हो जाएगा स्पेसएक्स मिशन, नासा कर रहा है मदद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2020, 10:53 PM IST

SpaceX Crew Dragon : अगर सब कुछ सही सलामत रहा तो स्पेसएक्स मिशन सफलता पूर्वक 2 अगस्त को धरती पर आ जाएगा। नासा की मदद से एलन मस्क की कंपनी इस अभियान को प्रायोजित कर रही थी।

Space x Mission: 2 अगस्त तक पूरा हो जाएगा स्पेसएक्स मिशन, नासा कर रहा है मदद

न्यूयॉर्क। नासा के दो अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर मई के अंत में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) पहुंचा स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन अंतरिक्षयान पहली अगस्त को कक्षीय प्रयोगशाला से प्रस्थान करेगा और दो अगस्त को पृथ्वी पर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही एलन मस्क के नेतृत्व वाली कंपनी का पहला मानव सहित मिशन पूरा हो जाएगा।

मौसम पर निर्भर करेगा लैंडिंग
नासा के प्रशासक जिम ब्रिडेस्टाइन ने एक ट्वीट में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वास्तविक तिथि मौसम के ऊपर निर्भर करेगा।नासा के अंतरिक्ष यात्रियों रॉबर्ट बेहेनकेन और डगलस हर्ले को लेकर क्रू ड्रैगन अंतरिक्षयान ने एक स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए 30 मई को अंतरिक्ष के लिए प्रस्थान किया था। अमेरिकी सरकार द्वारा स्पेस सटल प्रोग्राम को 2011 में सेवानिवृत्त किए जाने के बाद यह अमेरिका से पहला मानव सहित लॉन्च है।

स्पेसएक्स मिशन में इंसान भी शामिल
यह स्पेसएक्स का भी पहला मानव सहित मिशन है।ब्रिडस्टाइन ने ट्वीट में कहा, हम मानकर चल रहे हैं कि स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्षयान अंतरिक्ष यात्री बेहनकेन और अंतरिक्षयात्री डगलस को लेकर अंतरिक्ष केंद्र से पहली अगस्त को धरती के लिए प्रस्थान करेगा। धरती पर पहुंचने का लक्ष्य दो अगस्त है। मौसम वास्तविक तिथि तय करेगा। तैयार रहें।

इस मिशन से नासा को ढेरों उम्मीद
नासा का स्पेसएक्स डेमो-2 नाम वाला यह मिशन स्पेसएक्स के क्रू परिवहन प्रणाली को सत्यापित करने की एक एंड-टू-एंड उड़ान है।डेमो-2 मिशन अंतिम बड़ा परीक्षण है, जिसके बाद नासा का वाणिज्यिक क्रू प्रोगाम क्रू ड्रैगन को अंतरिक्ष केंद्र के लिए ऑपरेशनल, लंबी अवधि के मिशन हेतु प्रमाणित कर देगा।

End of Article