शहर

मैड संधू मर्डर केस में मुख्य आरोपी जोबनप्रीत मुंबई से गिरफ्तार, विदेश में बैठे हैंडलर्स के लिए काम करने का आरोप

मुंबई से मैड संधू मर्डर केस के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस की जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस टीम और मुंबई ATS ने साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Image

मैड संधू मर्डर केस में मुख्य आरोपी जोबनप्रीत गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Mad Sandhu Murder Case: पंजाबी इन्फ्लुएंसर व मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू उर्फ मधुसूदन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मुंबई एटीएस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए गए हैं।

विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में था आरोपी

शुरुआती जांच के मुताबिक, जोबनप्रीत विदेश में बैठे हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहा था। उस पर शूटर्स तक हथियार पहुंचाने, फंडिंग करने और लॉजिस्टिकल सपोर्ट देने में भूमिका निभाने का आरोप है। जांच के दौरान आरोपी ने तरनतारन जिले में रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की तीन घटनाओं में अपनी भागीदारी कबूल की है। इस बड़े आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के तमाम कनेक्शनों का पता लगाने के लिए पुलिस की ओर से आगे की गहन जांच की जा रही है।

3 अक्टूबर को हमलावर ने सीने से सटाकर मारी गोली

अमृतसर में 3 अक्टूबर को मैड संधू की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वह लोहरका रोड स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर पर अपनी कार लेने पहुंचे थे। तभी वहां बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने मैड संधू के सीने से सटाकर गोली मार दी। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मधुसूदन की मौत हो गई। इस हत्याकांड के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्लानिंग के बाद किया मर्डर

अमृतसर के 26 वर्षीय मैड संधू सोशल मीडिया पर LGBTQ+ कम्युनिटी के समर्थन, फैशन और मेकअप कंटेंट के लिए मशहूर थे। इंस्टाग्राम पर उनके 2.2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उनकी हत्या एक सोची समझी साजिश थी, जिसके पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर्स का हाथ होने की आशंका है। हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया। जांच में पाकिस्तान के डॉन शहजाद भट्टी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article