Viral Video: जब बात देश की और इंसानियत की हो, तो जज्बा सरहदों और शहरों की दूरियों का मोहताज नहीं होता। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कोलकाता से आईं अद्रिता रोशनी नामक महिला दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार कनॉट प्लेस की ट्रैफिक और भीड़भाड़ के बीचों-बीच घंटों हाथों में तिरंगा थामे चुपचाप खड़ी नजर आ रही हैं। इस नजारे को देखकर लोग हैरान भी हैं और मन में कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शाम ढलने को है, चारों तरफ गाड़ियों की आवाजाही और भारी भीड़ है, लेकिन अद्रिता पूरी शिद्दत के साथ तिरंगा उठाए अडिग खड़ी हैं। जब एक व्लॉगर ने उनके पास जाकर उनसे बातचीत की और पूछा कि वह इतने घंटों से यहां क्यों खड़ी हैं, तो उनका जवाब सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। बातचीत के दौरान अद्रिता ने बताया कि वह इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर करीब 1 बजे से ही वहां मौजूद थीं और शाम के 6:15 बज चुके थे, यानी वह लगातार 5 घंटे से अधिक समय से बिना थके तिरंगा थामे खड़ी थीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके हाथ दर्द नहीं कर रहे, तो उन्होंने बेहद मार्मिक जवाब देते हुए कहा कि इस देश के जितने भी लोग हैं चाहे वे किसी भी क्लास, कास्ट या जेंडर से हों, जो आज भी जिंदा हैं और इंसान हैं, वे बहुत दर्द में हैं। इसलिए इससे फर्क नहीं पड़ता कि हाथ में दर्द है या नहीं । उन्होंने आगे बताया कि पिछले कुछ दिनों में महिलाओं के साथ जिस तरह का बर्ताव व अत्याचार देखने को मिला है, चाहे वह वकीलों द्वारा हो या पत्रकारों द्वारा, उसने उन्हें अंदर से झकझोर दिया है। उनका मानना है कि अब वक्त आ गया है कि देश का हर नागरिक, चाहे वह ऑटो चलाता हो, कोई आम इंसान हो या राजनेता, अपने स्तर पर संविधान और इंसानियत को बचाने के लिए आगे आए। देखें वीडियो...
सोशल मीडिया पर छाया मामला
अद्रिता ने यह भी बताया कि इस दौरान कई आम लोगों ने उनके पास आकर उनका हालचाल पूछा। किसी ने पूछा कि क्या उन्हें पानी चाहिए, तो किसी ने खाने के लिए पूछा। अद्रिता के मुताबिक, यही देश की असली ताकत, इंसानियत और आपसी भाईचारा है। वह किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ी हैं, बल्कि एक आम नागरिक के तौर पर अपना फर्ज निभा रही हैं। आलम ये है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को fati.amma नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, हजारों लोगों ने इस वीडियो को पसंद किए हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स रिएक्शन भी दे रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
