शहर

Rajasthan Weather Today: जयपुर सहित कई जिलों में आज तेज बारिश की चेतावनी, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बरकरार

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आज राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

राजस्थान के कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर ने आज यानी गुरुवार 15 और शुक्रवार 16 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी दी है।

आज जयपुर सहित 13 जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट है। मौसम में बदलाव से जहां दिन के तापमान में राहत मिल सकती है, वहीं बारिश और ओले किसानों तथा आम लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं।

पश्चिमी राजस्थान में बारिश से बदला मौसम

बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्मी के बाद दोपहर तीन बजे से मौसम बदलने लगा। बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी और जैसलमेर के आसपास बादल छाए और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के बाद शाम और रात के समय मौसम में ठंडक महसूस की गई।

हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में आधा अक्टूबर गुजर जाने के बाद भी दौरान भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। बुधवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

जयपुर में आज और कल बारिश की संभावना

राजधानी जयपुर में बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 15 और 16 अक्टूबर को जयपुर में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह

बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की जरूरत है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों को भी फसलों की स्थिति और स्थानीय मौसम संबंधी सलाह के अनुसार जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए।

फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियों पर नजर रहेगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article