शहर

लाडली बहना योजना का पोर्टल खुलेगा या नहीं? दो मंत्रियों के बयानों से बढ़ा कन्फ्यूजन

मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना के पोर्टल को दोबारा खोलने पर सरकार के दो मंत्रियों के अलग-अलग बयान सामने आए। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने पोर्टल खोलने और छूटी महिलाओं के नाम जोड़ने की बात कही। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने इसका खंडन किया।

Image

लाडली बहना योजना के पोर्टल पर मंत्रियों के बयानों में विरोधाभास (File Photo)

Madhya Pradesh Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की 'लाडली बहना योजना' एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार चर्चा की वजह योजना का विस्तार नहीं, बल्कि राज्य सरकार के ही दो मंत्रियों के बीच सामने आया विरोधाभासी बयान है। योजना को लेकर सरकार के भीतर मचे इस असमंजस ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

स्वास्थ्य राज्य मंत्री का बयान (बुधवार): मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बुधवार को एक बयान में दावा किया था कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर लाडली बहना योजना के पोर्टल दोबारा खोले जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सीएम ने योजना से छूटी हुई महिलाओं के नामों को जोड़ने और उनका आंकलन करने के आंतरिक निर्देश दिए हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री का खंडन

नरेंद्र शिवाजी पटेल के बयान के ठीक बाद, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने इन तमाम दावों को खारिज कर दिया। उनका साफ तौर पर कहना था कि फिलहाल लाडली बहना योजना का पोर्टल खोलने की कोई योजना नहीं है और न ही इसमें फिलहाल कोई नए नाम जोड़े जाएंगे। निर्मला भूरिया ने यहां तक कह दिया कि "कुछ मंत्री बयान दे देते हैं, लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है।" विभागीय मंत्री की इस दो टूक टिप्पणी से यह साफ हो गया कि योजना के पोर्टल को दोबारा खोलने को लेकर सरकार के भीतर एकरुपता या आधिकारिक पुख्ता निर्णय का अभाव है।

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लाडली बहना योजना को लेकर मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना के तहत महिलाओं को 3,000 रुपये देने का वादा किया था। लेकिन प्रदेश की 4 करोड़ बहनों में से केवल 1 करोड़ को ही राशि मिल रही है, जबकि 3 करोड़ बहनें योजना से बाहर हैं। पटवारी ने पोर्टल दोबारा खोलने को लेकर मंत्रियों के अलग-अलग बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य इस समय आर्थिक, प्रशासनिक और राजनीतिक संकट से गुजर रहा है

योजना और राजनीतिक मायने

लाडली बहना योजना मध्य प्रदेश की राजनीति में गेम-चेंजर साबित हुई है। राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल देने वाली इस योजना से जुड़ने के लिए छूटी हुई महिलाएं लगातार उम्मीद लगाए बैठी रहती हैं। ऐसे में, सरकार के जिम्मेदार मंत्रियों की ओर से ही इस तरह के विरोधाभासी बयान आना कई सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि इस मामले पर खुद मुख्यमंत्री कार्यालय या मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तरफ से क्या आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की जाती है, जिससे इस असमंजस पर विराम लग सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article