पाकिस्तान सुपर लीग 2025 में इन दिनों आईपीएल की तरह रोज टी20 मैच खेले जा रहे हैं और रोज कोई खिलाड़ी स्टार बनकर सामने आ रहा है, लेकिन एक खिलाड़ी को देखकर भारतीय फैंस को भी तरस आ रहा है क्योंकि वो लंबे समय तक आईपीएल का लाडला रहा है। आइए जानते हैं उनके बारे में सब कुछ।
हम यहां बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के महान विस्फोटक ओपनर डेविड वॉर्नर की। वो आईपीएल में नहीं, इस बार पाकिस्तान सुपर लीग में खेलते नजर आ रहे हैं। वो कराची किंग्स टीम का हिस्सा हैं।
डेविड वॉर्नर ने 2009 में पहली बार आईपीएल खेला था, तब से लेकर 2024 तक वो लगातार आईपीएल का हिस्सा रहे थे। उन्होंने आईपीएल में खूब कमाई भी की, जमकर रन भी बनाए और लोगों का दिल भी खूब जीता।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डेविड वॉर्नर ने आईपीएल में सिर्फ रन ही नहीं बनाए बल्कि साल 2016 में उन्होंने तब नया इतिहास भी रचा जब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी कप्तानी में पहली बार आईपीएल चैंपियन भी बनाया।
डेविड वॉर्नर ने आईपीएल 2009 से 2024 तक इस सबसे महंगी टी20 क्रिकेट लीग में खेलते हुए 184 मैचों में 6565 रन बनाए जिसमें 4 शानदार शतक और 60 से ज्यादा अर्धशतक शामिल रहे। वो सबसे ज्यादा आईपीएल रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में लगातार टॉप-5 में बने रहे। अब भी इस लिस्ट में वो चौथे स्थान पर हैं।
अपने 14 सालों के आईपीएल करियर में डेविड वॉर्नर ने 83 करोड़ 50 लाख 17 हजार 300 रुपये कमाए। इस दौरान उनकी सर्वाधिक कीमत 2019 से 2021 तक रही जब हैदराबाद ने उनको 12 करोड़ 50 लाख रुपये की सैलरी दी। आईपीएल में उनकी अंतिम टीम दिल्ली कैपिटल्स थी जिसने उनको 2022 से 2024 तक 6 करोड़ 25 लाख रुपये की वार्षिक सैलरी दी थी, लेकिन इस बार की मेगा नीलामी में उनको किसी ने नहीं खरीदा।
डेविड वॉर्नर ने आईपीएल में तो खूब मोटी सैलरी उठाई और 15 सालों में करोड़ों कमाए, लेकिन क्या आपको पता है कि उनको पाकिस्तान सुपर लीग 2025 में कराची किंग्स टीम ने कितने में खरीदा। कुल 2 करोड़ 57 लाख रुपये में कराची ने उनको अपनी टीम में शामिल किया। वो इस बार लीग के सबसे महंगे क्रिकेटर भी हैं।
अब तक पाकिस्तान सुपर लीग में डेविड वॉर्नर ने कराची किंग्स टीम के लिए 2 मुकाबले खेले हैं और इन दोनों ही मुकाबलों में उनका बल्ला नहीं चला। पहले मैच में उन्होंने 12 रन बनाए, जबकि दूसरे मैच में वो शून्य पर आउट हो गए।