शहर

जयपुर में अचानक भड़की भीषण आग, 70 से ज्यादा लोग किए गए रेस्क्यू; 12 बाइकें और 3 कारें जलकर खाक

जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी में रविवार दोपहर पार्किंग में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के बाद पार्किंग में खड़ी कई कारें और बाइक इसकी चपेट में आ गईं। घने धुएं से रिहायशी इमारत में रहने वाले लोगों को परेशानी हुई, जिसके बाद 70 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Image

पार्किंग से उठी आग ने लिया विकराल रूप (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Jaipur Fire News: जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित एक छह मंजिला रिहायशी अपार्टमेंट की पार्किंग में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में वहां खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 12 मोटरसाइकिल और 3 कारें जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इमारत में मौजूद 70 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अपार्टमेंट के अंदर तक फैला धुआं

आग से उठने वाला घना धुआं अपार्टमेंट के अंदर तक फैल गया, जिसके चलते कई निवासियों को सांस लेने में परेशानी हुई और लोगों में दहशत फैल गई। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जयपुर में बस के इंजन में भी लगी आग

इसी बीच जयपुर में आग लगने की एक अन्य घटना भी सामने आई। जेसीटीएसएल की एक लो-फ्लोर बस, जो कालवाड़ से चांदपोल की ओर जा रही थी, उसके इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। इसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने तत्काल बस रोक दी और यात्रियों ने नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

सावधानी बरतना जरूरी

गर्मी और उमस के दौरान आग लगने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। बिजली के तारों में खराबी, शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडिंग और वाहनों के इंजन का अधिक गर्म होना आग की वजह बन सकता है। इसके अलावा पार्किंग या आसपास जमा ज्वलनशील कचरा और अन्य सामान आग को तेजी से फैलाने में मदद कर सकते हैं। ऐसे में रिहायशी इमारतों में बिजली के उपकरणों, वायरिंग और पार्किंग में खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें